IPAC ऑफिस पर ईडी की रेड पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा बोला है। ममता ने कहा कि बीजेपी वाले लोकतंत्र के हत्यारे हैं। एसआईआर के नाम पर, उन्होंने वोटर लिस्ट से 1.5 करोड़ से ज़्यादा नाम हटा दिए हैं। उन्होंने अमर्त्य सेन, कवि जॉय गोस्वामी और एक्टर देव को नोटिस भेजे हैं। महिलाओं और युवाओं के नाम हटा दिए गए हैं।
एक हत्यारे को भी अपना बचाव करने का मौका मिलता है, लेकिन असली वोटर, ज़्यादातर महिलाएं जिनकी हाल ही में शादी हुई है और जिनके सरनेम बदल गए हैं, या जिनके पते बदल गए हैं, उनके नाम हटा दिए गए हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि आज शाम 4 बजे, हम सभी टीएमसी कार्यकर्ता हर वार्ड, हर ब्लॉक में इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। जो लोग SIR के काम में शामिल हैं, वे अपना काम करेंगे और बाकी लोग विरोध रैली में शामिल होंगे।
पीएम मोदी को दे डाली अमित शाह को कंट्रोल करने की सलाह
ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे माफ़ करें प्रधानमंत्री जी, कृपया अपने गृह मंत्री को कंट्रोल करें। अगर आप (BJP) हमसे लड़ नहीं सकते, तो आप बंगाल क्यों आ रहे हैं? हमें लोकतांत्रिक तरीके से हराइए। आप हमारी एजेंसियों का इस्तेमाल हमारे कागज़ात, हमारी रणनीति, हमारे वोटर, हमारे डेटा, हमारे बंगाल को लूटने के लिए कर रहे हैं। यह सब करके, आपको जितनी सीटें मिल रही थीं, वह घटकर ज़ीरो हो जाएंगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर अमित शाह आपको बंगाल जीतना है और आप में हिम्मत है तो आप चुनाव में लड़ाई करके आइए।
ममता ने पूछे तीखे सवाल
ममता यह भी कहा कि आपने हमारी पार्टी के IT सेक्टर पर रेड क्यों की और हमारे सारे कागज़ात क्यों ले लिए?.आपने एक ऐसे ऐप का इस्तेमाल करके वोटर लिस्ट से 94 लाख नाम क्यों हटा दिए जो भरोसेमंद नहीं है?. चुनाव आयोग जो कुछ भी कर रहा है, वह बीजेपी के इशारों पर कर रहा है। SIR की वजह से 72 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है, कुछ ने आत्महत्या कर ली। इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है? वे IPAC ऑफिस पर रेड कैसे कर सकते हैं? अगर मैं उनकी पार्टी के आईटी ऑफिस पर रेड करूं, तो क्या यह ठीक होगा? आपने सारी हदें पार कर दी हैं।
सारा डाटा ले जाने का आरोप लगाया
आपने हमारी पार्टी के आईटीऑफिस से सारा डेटा ले लिया है। हमारा SIR डेटा, हमारी पार्टी की पॉलिसी का डेटा, हमारी कैंडिडेट लिस्ट, हमारी बूथ प्रेसिडेंट लिस्ट, हमारी भविष्य की रणनीति। IPAC प्राइवेट तौर पर काम नहीं कर रहा है। वे AITC द्वारा अधिकृत हैं। वे समझौते के अनुसार हमारे नाम पर काम करते हैं। किसी भी आईटी सेक्टर से किसी भी समय डेटा इकट्ठा करना क्या अपराध नहीं है? क्या यह लोकतंत्र की हत्या नहीं है। हम यहां तब तक इंतजार करेंगे जब तक IPAC प्रमुख प्रतीक जैन यहां नहीं आ जाते और यह सब ठीक नहीं कर देते।



