निशातपुरा इलाके के ईरानी डेरे में रविवार सुबह पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से एक नकली पिस्तौल, 21 दोपहिया वाहन और 51 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
राजधानी भोपाल में हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला हो गया। पहले स्थानीय महिलाओं ने पुलिस का रास्ता रोका, फिर पुरुषों के साथ मिलकर जवानों से झूमाझटकी की।
पुलिस ने बल प्रयोग कर हंगामाइयों को खदेड़ा। बलवा करने के आरोप में 24 पुरुष और 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
मामला निशातपुरा इलाके के ईरानी डेरे में रविवार सुबह का है। आरोपियों के ठिकानों से एक नकली पिस्तौल, 21 दोपहिया वाहन और 51 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दरअसल, भोपाल पुलिस की एक टीम ईरानी डेरे में हिस्ट्रीशीटर राजू को पकड़ने गई थी। डेढ़ सौ से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने घरों की तलाशी लेनी चाही तो महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया।
वे पुलिसकर्मियों के सामने खड़ी हो गईं। जल्द ही पुरुष भी प्रदर्शन में शामिल होकर हंगामा करने लगे। महिला पुलिसकर्मियों सहित जवानों से खींचातानी करने लगे।
डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने कहा- भोपाल की अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे के युवकों द्वारा शहर सहित आसपास के जिलों में लगातार वारदातें किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। आरोपी कभी नकली पुलिस बनकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे, तो कभी मोबाइल और चेन स्नेचिंग जैसे अपराध करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को इलाके के बदमाश काला ईरानी के घर से एक नकली पिस्तौल मिली। उसने स्वीकार किया कि इस पिस्तौल का इस्तेमाल लोगों को धमकाने और डराने के लिए करता था। वह नकली पुलिसकर्मी बनकर ठगी की वारदातों को भी अंजाम दे चुका है।



