साइबर धोखाधड़ी के मामले में देवास थाने में दर्ज एफआईआर पर शिकायतकर्ता के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के एक प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लाख 86 हजार 393 रुपए की संपूर्ण ठगी राशि को सुरक्षित (होल्ड) कर लिया गया।
फरियादी लोकेश विजयवर्गीय, निवासी देवास, द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई। फरियादी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़ा है। उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कॉल किया गया, जिसने स्वयं को सुधीर शर्मा बताते हुए 70 टन सरिये के कथित ऑर्डर का हवाला दिया और 21 टन सरिये के एवज में 9 लाख 86 हजार 393 रुपए की राशि पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते में जमा कराने को कहा।
फरियादी द्वारा उक्त राशि RTGS के माध्यम से बताए गए खाते में स्थानांतरित कर दी गई। बाद में संबंधित कंपनी से संपर्क करने पर यह स्पष्ट हुआ कि कंपनी का उक्त बैंक में कोई खाता नहीं है, जिससे फरियादी को साइबर ठगी का अहसास हुआ।
फरियादी की जीरो एफआईआर को संज्ञान में लेते हुए पुलिस द्वारा उसी दिन नियमित एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। त्वरित तकनीकी एवं बैंकिंग समन्वय के माध्यम से पुलिस द्वारा ठगी की पूरी राशि को सफलतापूर्वक होल्ड (Hold) कराया गया, जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सका।



