मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 अक्टूबर को भाई दूज पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में लाड़ली बहनों को शुभकामनाएं दीं। बहनों ने भी बड़ी संख्या में अपने लाड़ले सीएम भैया का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बहनों ने भाई-बहन के प्रेम-स्नेह पर आधारित निमाड़ी लोक संगीत की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक कर उनकी दीर्घायु-उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दूसरी ओर, प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी बहनों को उपहार भेंट किए।
कार्यक्रम में उन्होंने एक तरफ बहनों की दिल खोलकर सराहना की, तो दूसरी ओर कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। इस मौके पर लाड़ली बहनों ने कहा कि हम सब का सौभाग्य है कि हमें मुख्यमंत्री के रूप में एक भाई मिला है। वह हर संकट में हमारे साथ खड़ा है। बता दें, अब से मध्यप्रदेश की बहनों को हर महीने लाड़ली बहना योजना के 1500 रुपये मिलेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद सदैव सरकार के साथ है। इसी कारण हम निर्भय होकर काम कर पाते हैं। आज बड़े सौभाग्य का दिन है। प्रदेश का मुख्यमंत्री निवास बहनों का घर बना है। उन्होंने कहा कि बहनों के माध्यम से दो परिवार एक साथ जुड़ते हैं। बहनों का हृदय विशाल है। वे शादी के बाद नए घर में जाकर नए माता-पिता के साथ रहती हैं। सनातन संस्कृति में उन्हें जगदंबा और लक्ष्मी का रूप कहा जाता है। वे सदैव चट्टान की तरह परेशानी के समय परिवार के साथ खड़ी रहती है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी बहनों की ताकत साल 2029 में और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने शौर्य के बल पर अंग्रेजों को पानी पिलाया। रानी दुर्गावती के अलावा रानी लक्ष्मीबाई, रानी लक्ष्मी बाई और रानी अवंतिका भाई जैसी अनेक देवियों ने प्रदेश का मान बढ़ाया। भाई दूज का पर्व यमराज से जुड़ी एक कहानी से शुरू होता है। जो महत्व रक्षाबंधन का महत्व है वही महत्व भाई दूज का भी है। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य की मुझे लाड़ली बहनों के रूप में 1 करोड़ 26 लाख बहनें मिली हैं। प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को अब हर माह 1500 रुपये की राशि मिलेगी। बहनों के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है।
डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के शब्द और उद्गार सुनकर अभिभूत हूं। आज बहनों को 250 रुपये की राशि शगुन के रूप में भेज रहे हैं। आज बहनों के लिए समृद्धि का मार्ग खुला है। संकट के समय में लाड़ली बहनों को संबल मिला है। प्रदेश सरकार ने रोजगार परक नीति के अनुसार बहनों को उद्योग में काम करने पर 5000 रुपये की राशि अतिरिक्त सहायता के रूप में देने का निर्णय लिया है। अगर बहनें अपना उद्योग स्थापित करें तो उन्हें 2% की छूट अलग से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बहनों को रजिस्ट्री में भी छूट दी जा रही है। बहनें अपना उद्योग स्थापित करें और समृद्धि बनें। लाड़ली बहनों को अब तक 29 किस्तों में 45 हजार करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को निशुल्क आवास प्रदान किए। उनका खुद का घर नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश में भाजपा शासित राज्यों में बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री निवास बहनों के लिए सदैव खुला है। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. यादव कांग्रेस पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहनों की समृद्धि को पचा नहीं पा रही। भगवान करे उनकी जुबान को लकवा मार जाए। कांग्रेसी कहते हैं कि बहनों को पैसे दो तो वे दारू पी जाती हैं। यह किसी भारतीय की भावना नहीं हो सकती है। कांग्रेसी ध्यान रखे कि परमात्मा सब का हिसाब करता है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास प्रदेश की लाड़ली बहनों का मायका बना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यह संकल्प लिया है कि अब प्रदेश की बहनें मजबूरी नहीं, मजबूती का जीवन जिएंगी। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि लाडली बहन योजना से प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाली बहनें स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर रही हैं। बच्चों की स्कूल फीस भर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव आर्थिक रूप से बहनों को स्वावलंबी बनाने के लिए नई योजनाएं लागू करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।