भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। बैतूल से दो बार के विधायक हेमंत खंडेलवाल को मप्र भाजपा का नया अध्यक्ष चुनाव गया है। उनके नाम का ऐलान केन्द्रीय मंत्री और मप्र चुनावी प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान किया। खंडेलवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। मप्र भाजपा के अध्यक्ष का पद संभालने के बाद खंडेलवाल ने पदभार ग्रहण समारोह में नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और भाजपा में अनुशासन की बात का भी जिक्र किया। वहीं कांग्रेस पर पर जोरदार हमला बोला।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा के इस पर्व की प्रक्रिया पूरी हुई। मैं मानता हूं कि जो दायित्व सौंपा गया है, वो अहम है। इसके पहले 27 प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत किया है। बद्रीलाल दवे पहले अध्यक्ष थे। सुंदरलाल पटवा भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने। मेरे स्वर्गीय पिता भी कुशाभाऊ ठाकरे के पद पर चलते थे। उन्होंने प्रभात झा, नंदकुमार सिंह चैहान और नरेन्द्र सिंह तोमर के नाम का भी जिक्र और कहा कि आज हमारे बीच कई लोग नहीं है, मैं उनको याद करता हूं। कई लोगों ने बीजेपी को आगे ले जाने का काम किया है।
पार्टी की बुलंदियों को रखना है बरकरार
खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी को बुलंदियों पर बरकार रखना है, आगे भी ले जाना है। बीजेपी किसी भी कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप पद पर बैठाती है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु आज हम नरेंद्र मोदी जी के कारण हैं। अमित शाह, जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हमें काम करना है। पहले एक मिथक था कि हम पांच साल पूरा नहीं कर पाते हैं। शिवराज सिंह चैहान ने इस मिथक को तोड़ा है। वो कल्याणकारी योजनाएं लेकर आए और वो मिथक टूट गया। इस समय सीएम मोहन यादव भी हमारे प्रदेश में रोजगार और उद्योगों को लाने का काम कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं के सम्मान में नहीं आएगी कोई कमी
वहीं भाजपा में अनुशासन की बात करते हुए खंडलेवाल ने कहा कि पार्टी में अनुशासन बड़ा होता है। सब मिलकर काम करते हैं। इस वजह से यहां पर सभी का सम्मान होता है। भाजपा का परिवार कई वर्षों से कांग्रेस के विरुद्ध झंडा बुलंद करता आया है। और आगे भी करता रहेगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि जैसा चुनाव बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष का कराया है, वैसा चुनाव कांग्रेस पार्षद चयन का भी कर के दिखा दें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा उनके रग रग में है। हेमंत खंडेलवाल ने ये भी मैसेज देने की कोशिश की पार्टी सर्वोपरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जो दाएं-बाएं होगा उसको परेशानी होगी। सत्ता और संगठन दोनों मिलकर काम करेंगे।