24.1 C
Bhopal

रंग ला रही सीएम मोहन की पहल: मप्र के जल संरचनाओं को संवारे जनता में दिखी रुचि, ऐसे किया जा रहा जागरुक भी

प्रमुख खबरे

भोपाल। जल संरक्षण को लेकर मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस पहल को उम्मीद से ज्यादा समर्थन भी मिल रहा है। वहीं प्रदेश की जनता को जल के महत्व को समझाने के लिए जिलों में नवाचार भी किए जा रहे हैं। स्लोगन के पोस्टर और दीवार लेखन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को पानी बचाने की समझाईश दी जा रही है। इसका बड़े पैमाने पर असर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में जल संरचनाओं की साफ-सफाई में जनता की सहभागिता दिनों-दिन बढ़ रही है।

बुरहानपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण के सिद्धांत को अपनाने पर जोर देता है। इस अभियान में बुरहानपुर अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अभियान में ग्राम पंचायत धुलकोट में फार्म पौंड निर्माण कार्य जारी है। इस कार्य में ग्रामीणजन स्वयं आगे आकर सहभागिता कर रहे है। पौंड निर्माण कार्य से वर्षा का जल संचित किया जा सकेगा और आस-पास के भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी। जिले में जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई इत्यादि कार्य प्राथमिकता के साथ किये जा रहे हैं।

बाग बगीचों को चिन्हांकित कर किया जा रहा हरित विकास
उमरिया जिले में जिला शहरी एवं विकास अभिकरण ने जन भागीदारी से नगरीय निकायों में शहरी क्षेत्रों और टाउनशिप के उजड़े बाग बगीचों को चिन्हांकित कर हरित विकास किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद उमरिया में अमृत 2.0 के अंतर्गत लालपुर पानी टंकी के पास 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पार्क के निर्माण का कार्य 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उमरिया की नदी ग्राम पंचायत गौरय्या में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों ने नदी तथा उसके आस पास पड़े कचरे को एकत्र किया और जन जागरूकता का संदेश दिया।

पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा
शहडोल जिले में जल संरचनाओं के कार्य में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी ली जा रही है। अभियान में नागरिकों को बताया जा रहा है कि पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा। सरकार और समाज दोनों को मिलकर जल के महत्व को समझना होगा। इसी से हम सबका भविष्य सुरक्षित होगा। जल चौपाल में बताया गया कि जल जीवन का अभिन्न अंग है, और इसके बिना न तो कृषि संभव है, न ही उद्योग, और न ही हमारी दैनिक आवश्यकताएँ पूरी हो सकती हैं। जनपद पंचायत बुढ़ार के ग्राम सिंघली में जल की एक-एक बूंद सहेजने के लिए चौपड़ा का निर्माण किया गया। चौपड़ा के निर्माण हो जाने से स्थानीय लोगों को जल की समस्या से निजात मिली, वहीं वर्षा जल का संचयन भी होगा। भीषण गर्मी में भी चौपडा पानी से लबालब भरा हुआ है।

जल गंगा संवर्धन अभियान की निगरानी के लिए 6 दल तैनात
रीवा जिले में संभाग के सभी जिलों में 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों में नदियों के उद्गम स्थल की साफ-सफाई, जल स्रोतों की सफाई, जल संरक्षण संरचनाओं में सुधार तथा नई जल संरचनाओं के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने जल संरक्षण कार्यों की निगरानी के लिए संभागीय अधिकारियों के 6 दल तैनात किए हैं। सभी दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलों का भ्रमण करके जल संरक्षण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

ग्रामों में किए जा रहे जल संरक्षण के कार्य
डिण्डोरी जिले में जल स्त्रोतो के जल संरक्षण एवं पुर्नजीवन के लिये विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। विकासखण्ड बजाग जिला डिंडौरी के नवांकुर संस्था- वसुंधरा ग्राम विकास समिति भानपुर द्वारा विक्रमपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत तालाब के आसपास स्वच्छता कार्य किया गया। ग्राम पंचायतों में जल चौपाल लगाकर ग्रामीणों को पानी के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। किसानों को खेत-तालाब योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

घाट पर गंदगी और पॉलीथिन के उपयोग पर की गई चालानी कार्यवाही
मंडला जिले में जल संवर्धन अभियान में नागरिकों को जल स्रोतों की साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्थानीय दुकानदारों को पॉलीथिन का विक्रय न करने की सलाह दी जा रही है। नगर पालिका परिषद मंडला ने माहिष्मती घाट एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग एवं विक्रय करने के साथ ही खुले में मांस मछली विक्रय करने पर चालानी कार्यवाही की। नैनपुर जनपद पंचायत के ग्राम खापा सालीवाड़ा में बनाये जा रहे खेत तालाब का सीईओ जनपद पंचायत श्री विनोद मरावी ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को तालाब के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ाने के बारे में भी जानकारी दी।

छात्रों ने किया बोरी बंधान
छिन्दवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण के लिए अनूठी पहल की। जिले के विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम आलीवाड़ा के दौड़ीदिया के पास स्थित नाले में श्रमदान कर बोरी बंधान का कार्य किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के महत्व को समझाना और जन सामान्य को जागरूक करना था। नवांकुर समितियों के सहयोग से बोरी बंधान, दीवार लेखन, शपथ ग्रहण, जल स्रोतों की साफ-सफाई, संगोष्ठी, मानव श्रृंखला, रैली, रंगोली व निबंध लेखन प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम किये जा रहे है।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे