बीजापुर। सुरक्षाबलों द्वारा कमर में किए जा रहे प्रहार से बौखलाए नक्सलियों ने दत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा हमला किया है। यहां के कुटरू मार्ग में नक्सलियों ने जवानों के वाहन पर आईईडी ब्लास्ट किया है। इस आईईडी ब्लास्ट में 9 जवान शहीद हो गए हैं। इसमें एक ड्राइवर भी शामिल है। वहीं कुछ जवान घायल हुए है। वाहन में कुल कितने जवान सवार थे अब इसी बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने विस्फोटक लदे वाहन को सुरक्षाबलों के काफिले के पास विस्फोट किया।
विस्फोट इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. वहीं विस्फोट वाली जगह एक बड़ा गड्ढा हो गया। यही नहीं, 25 फीट ऊंचे पेड़ पर वाहन का मलवा मिला है। बताया जा रहा है कि जवान नक्सल आॅपरेशन से वापस लौट रहे थे इस दौरान कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया है। छत्तीसगढ़ में लगातार नक्सल आॅपरेशन से नक्सली बौखलाए हुए हैं जिसके चलते नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाया है। हमले में शहीद होने वालों में डीआरजी के 8 जवान, और एक नागरिक ड्राइवर शामिल हैं। बता दें कि सुरक्षाबलों पर नक्सलियों का हमला ऐसे समय में हुआ है जब उनका एक एंटी-नक्सली आॅपरेशन चल रहा है।
बस्तर आईजीपी ने की जवानों के बलिदान की पुष्टि
बस्तर आईजीपी सुंदरराज पी. ने नौ जवानों के बलिदान होने की पुष्टि कर दी है। इस हमले में घायल जवानों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू जारी है। पिकअप में डीआरजी के कई जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि लगभग तीन किलो का आईईडी विस्फोटक था जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। मिली जानकारी के मुताबिक आठ जवान गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवानों को विमान से बस्तर लाया जाएगा इसके बाद वहां से रायपुर लाने की तैयारी है। घायल जवानों और बलिदान हुए जवानों की संख्या बढ़ भी सकती है। छह से ज्यादा वाहनों में अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया। दंतेवाड़ा से अतिरिक्त बल रवाना किया गया है।
सीएम साय ने जताया दुख, डिप्टी सीएम बोले- ‘जाया नहीं जाएगीजवानों की शहादत ‘
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजापुर में नक्सली हमले की निंदा करते हुए शोक जताया है। महासमुंद में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम साय समेत मौजूद सभी लोगों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी है। वहीं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बीजापुर आईईडी विस्फोट पर कहा कि नक्सलियों की कायराना हरकत की जानकारी आई है। यह नक्सलियों की कायराना हरकत है। यह हताशा, निराशा में की गई कार्रवाई है। इन जवानों की शहादत जाया नहीं जाएगी और बहुत जल्द छत्तीसगढ़, बस्तर नक्सल मुक्त होगा।
आईजी पी. सुंदरराज ने दी जानकारी
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बीजापुर आईईडी विस्फोट पर कहा कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में तीन दिनों से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था जिसमें पांच माओवादियों के शव मिले और हमारा एक जवान बलिदान हो गया। इसके बाद जब हमारी टीम वापस लौट रही थी तो बीजापुर जिले के अंबेली इलाके में माओवादियों ने एक आईईडी लगाया था, जिसकी चपेट में हमारे सुरक्षाबलों का एक वाहन आ गया, जिसमें आठ जवान और एक ड्राइवर बलिदान हो गए।