23.4 C
Bhopal

रायसेन में धंसा 45 साल पुराना पुल, दो घायल

प्रमुख खबरे

मध्यप्रदेश में सड़क धंसने और पुल गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भोपाल संभाग में ही अकेले 49 दिन के भीतर 3 बार ब्रिज और सड़क धंसने के मामले आ चुके हैं।

रायसेन जिले के बरेली–पिपरिया मार्ग (स्टेट हाईवे) पर स्थित नयागांव पुल के ढहने के बाद प्रशासन ने सड़क मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। साथ ही कार्रवाई करते हुए प्रबंधक एए खान को निलंबित कर दिया है।

मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो 7 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। ये पुल करीब 45 साल पुराना बताया जा रहा है। हादसे के वक्त पुल से गुजर रहीं दो बाइकें नीचे गिर गई। जिसमें एक मजदूर और बाइक सवार घायल हो गए। इसके चलते भोपाल-पचमढ़ी रूट बाधित हो गया। अब पचमढ़ी जाने वाले लोगों को नर्मदापुरम होकर जाना पड़ेगा।

13 अक्टूबर 2025 को भोपाल के बिलखिरिया के पास मौजूद स्टेट हाईवे-18 के भोपाल ईस्टर्न बायपास पर सूखी सेवनिया आरओबी के एक तरफ की रिटेनिंग वॉल टूट गई थी। ब्रिज के एप्रोच का करीब 70 मीटर लंबा और 20 फीट चौड़ा हिस्सा धंस गया था। उस दौरान विदिशा, सागर की ओर जाने वाला एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया था।

बीओटी मॉडल के तहत सड़क बनाने वाली कंपनी मेसर्स ट्रांसटॉय प्रा.लि. का ठेका 2020 में रद्द कर दिया गया था, इसलिए रखरखाव नहीं हो पा रहा था। बारिश में जलभराव की वजह से किनारों की मिट्टी कट गई और वॉल गिर गई। सड़क एमपी रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) की है, जो इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला, सागर को जोड़ती है।

1974 में भोपाल के आउटर एरिया में बनाया गया केरवा डैम का एक हिस्सा सरकारी लापरवाही के चलते 11 नवंबर को धराशायी हो गया था। केरवा डैम के ब्रिज से होकर आसपास के गांव की आबादी आवागमन करती थी। सिंचाई विभाग के इस डैम की मरम्मत के लिए पिछले कई महीनों से मेंटेनेंस प्रतिवेदन विभागीय मंत्री एवं इंजीनियर को भेजा जा रहा था। समय पर फैसला नहीं होने के चलते मंगलवार सुबह 8:30 बजे डैम का ब्रिज पूरी तरह से धराशायी हो गया। केरवा डैम में पानी निकासी के लिए 8 गेट बनाए गए हैं। हादसे के चलते एक गेट पूरी तरह से बर्बाद हो गया है जिसे दोबारा तैयार करना होगा।

17 जुलाई 2025 को राजधानी भोपाल में बारिश ने पीडब्ल्यूडी की गुणवत्ता की पोल खोल दी। एमपी नगर की व्यस्त सड़कों में एक बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकिज चौराहे के बीच मेन रोड पर ही अचानक सड़क भरभरा धंस गई। बीच सड़क पर करीब 8 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया था। राहत यह रही कि जब यह गड्ढा हुआ, तब वहां से कोई भी नहीं गुजर रहा था। वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रदेशभर के डैमों का होगा सेफ्टी ऑडिट

केरवा डैम के फुटब्रिज का हिस्सा धंसने के बाद जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने निर्देश दिए थे कि प्रदेश में 900 डैम का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। इस ऑडिट का उद्देश्य भविष्य में किसी भी प्रकार की डैम दुर्घटनाओं को रोकना और सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना है।

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे