भोपालमध्यप्रदेश

महिला दिवस : कांग्रेस ने किया महिला शक्ति का सम्मान, आज सबसे महत्वपूर्ण दिवस ‘महिला दिवस’ है

भोपाल – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस द्वारा ‘महिला सम्मान दिवस’ मनाकर समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाली विभिन्न क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं का सम्मान किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कांग्रेस नेत्रियों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी उपस्थित महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिवस तो बहुत आते हैं पर आज सबसे महत्वपूर्ण दिवस है ‘महिला दिवस’। इस मौके पर नाथ ने कहा कि हमारी बहने सिर्फ घर ही नहीं संभालती, सिर्फ परिवार का पालन-पोषण ही नहीं करती, बल्कि वह समाज और संस्कृति की रक्षा भी कर सकती हैं।

ऐसा कोई देश नहीं 

नाथ ने कहा कि ऐसा कोई देश नहीं है, जहां इतने देवी देवता हैं, इतनी जातियां हो, इतने धर्म, इतनी भाषाएं हो जो हमारे देश में हैं। हमारे देश का संविधान, हमारे देश की संस्कृति से जुड़ा हुआ है और हमारे देश की संस्कृति हमारे रिश्तों को जोड़ती है, हमारे दिलों को जोड़ती है, संबंधों को जोड़ती है। समाज सेवा और राजनीति सब अपनी जगह है, सबसे बड़ी है सेवा है संस्कृति की रक्षा। इतनी विभिन्नता होने के बाद भी हमारा देश आज एक झंडे के नीचे खड़ा है। बाबा साहब के सामने बहुत बड़ी चुनौती थी कि देश को कैसा संविधान दिया जाये, कैसे देश को एकता और अखंडता से एक सूत्र में पिरोया जाये, बाबा साहब ने देश को एकता के सूत्र में बांधा। लेकिन बाबा साहब ने हमें जो संविधान दिया उस पर आज आक्रमण किया जा रहा है। हमारा संविधान यदि गलत हाथों में चला गया तो देश का क्या होगा। हमारा संविधान ही हमारे देश की संस्कृति है, महिला शक्ति ही सबसे बड़ी शक्ति है। हमारे देश की पहचान आध्यात्मिक शक्ति से है। हमें अपने आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना होगी। आप परिवार के रक्षक ही नहीं देश के भविष्य के रक्षक भी हैं। यदि महिलाओं ने देश की रक्षा का संकल्प ले लिया तो कोई ताकत हमें आगे आने से रोक नहीं सकती है।

हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं महिलाएं

मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं सशक्त हो रही हैं, और वे सशक्त होकर राजनीति में ही नहीं बल्कि हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। चाहे वह शिक्षा हो, चिकित्सा हो, सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक क्षेत्र हो सभी क्षेत्र में महिलाएं अपनी पहचान बना रही है। कांग्रेस ने ही महिलाओं को अधिकारिता दी, उन्हें सम्मान दिया है। रानी अवंती बाई, रानी कमलापति, रानी दुर्गावती, लक्ष्मीबाई सभी ने इस धरा पर संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने महिलाओं को प्रथम पंक्ति में खड़ा कर महिलाओं को सम्मान दिया, वहीं सोनिया गांधी जी ने 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त और सुदृढ़ बनाया। उन्होंने कमलनाथ को विश्वास दिलाते हुए कहा कि महिलाएं आपकी सेना बनकर आपके साथ खड़ी है।

नारी शक्ति का किया सम्मान 
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कांग्रेस द्वारा महिला सम्मान दिवस मनाकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाएं, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. कपिला, डॉ. स्वेता आनंद, एडवोकेट सुश्री अंजना बानखेड़े, श्रीमती विनीता श्रीवास्तव, श्रीमती अर्चना कोठारी, खेल कूद क्षेत्र में मानसी बाथम, गोल्ड नेशनल चेंपीयन मिनल खान और सानिया बाथम, स्केेंडिंग नेशनल चेंपीयन मीनल खान, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती अंशु गुप्ता और पूजा राजपूत, नर्सिंग क्षेत्र में पुष्पलता खांडे, स्नेह लता जेम्स, मनारमा, दीपश्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सितारा बाजी और रेखा सिंह, आशा कार्यकर्ता आमना, मीना मरके और कट्टू बाई और सफाई क्षेत्र में अनिता बाई और छोटी बाई को सम्मानित किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button