राजस्थान में राहुल की यात्रा हम रोकेंगे, क्योंकि गहलोत ने हमसे झूठ बोला
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर के प्रथम सप्ताह में झालावाड़ जिले के चंवली गांव से राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा प्रवेश करेगी।

भोपाल – राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर के रास्ते मध्यप्रदेश में प्रवेश कर चुकी है। मध्यप्रदेश के बाद राहुल की यात्रा को राजस्थान में प्रवेश करना है। लेकिन यात्रा की राजस्थान एंट्री को लेकर सियासत गर्मा उठी है। राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने अपनी पहले की गई घोषणा के अनुरूप राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की रणनीति बना ली है। इसके लिए बैंसला ने झालावाड़ पहुंचकर गुर्जर भारत जोड़ो यात्रा का रूट भी देख लिया है। बता दें कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में झालावाड़ जिले में करीब 50 किलोमीटर पैदल चलेंगे। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर के प्रथम सप्ताह में झालावाड़ जिले के चंवली गांव से राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा प्रवेश करेगी।
सरकार मजबूर कर रही – विजय
राहुल गांधी की इस यात्रा की सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व में युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही है, तो वहीं राहुल की यात्रा को रोकने की कोशिश करने वाले विजय सिंह बैंसला ने कहा कि हम शांत लोग हैं। हम खुद रास्ता नहीं रोक रहे हैं। रास्ता रोकने के लिए हमें सरकार ही मजबूर कर रही है। हम तो चार साल से शांति से बैठे थे, लेकिन सरकार सुन नहीं रही तो अब सिर्फ शीर्ष नेतृत्व से ही मांग करेंगे। वर्ष 2020 के नोटिस अब आ रहे हैं। हाल में समाज के कई लोगों के पास नोटिस आए कि 24 तारीख को थाने पर आओ।
हमें मिला है पूरा समर्थन
राजस्थान गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने कहा कि हमारे समाज के 233 लोगों को नौकरी लगने के बाद मेरिट से बाहर कर दिया। हमारा समझौता तो केबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में लिखित समझौता हुआ था। यदि उसकी पालना हुई तो कोई विरोध नहीं करेंगे। सरकार के चार साल निकल गए। चुनाव से छह माह पहले ब्यूरोक्रेसी पेन डाउन कर देंगी, फिर कोई काम नहीं होगा।