छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। अमरवाड़ा में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दावा है कि लोकसभा चुनाव में अमरवाड़ा विधानसभा में भाजपा को 15 हजार से विजय मिली है, लेकिन आप लोगों का उत्साह और उपस्थिति बता रही है कि अमरवाड़ा उप चुनाव में भाजपा 51 हजार से ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। बता दें कि भाजपा ने अमरवाड़ा सीट कमलेश शाह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत है। बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत व परिश्रम से भाजपा को प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक विजय दिलाई है। छिंदवाड़ा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है। यही हितग्राही अमरवाड़ा उप चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएंगे। उन्होंने यहां पर उपचुनाव कार्यालय का भी उद्घाटन किया।
भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील
वीडी शर्मा ने कहा कि छिंदवाड़ा अगर किसी का गढ़ है तो वह पीएम मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र और अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हर घर में प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की किसी न किसी योजना का हितग्राही रहता है। आप सभी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं और भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करें।
नए मतदाताओं को जोड़ने का करें काम
शर्मा ने कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा में 332 बूथ हैं, लोकसभा चुनाव में करीब 200 बूथों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। पार्टी का हर कार्यकर्ता सजग प्रहरी बनकर अपने-अपने बूथ को और मजबूत बनाने, पार्टी के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य करें। आज आप सभी यहां से अमरवाड़ा विधानसभा के सभी 332 बूथों पर पार्टी की जीत का संकल्प लेकर चुनाव कार्य में जुट जाएं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है, यहां प्रत्याशी तो निमित्त मात्र होता है, असली चुनाव तो बूथ पर बूथ का कार्यकर्ता ही लड़ता है। आप सभी देवतुल्य कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी बनकर अपने-अपने बूथों पर चुनाव कार्य में जुट जाएं और पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाएं।