अन्य खबरेंप्रमुख खबरें

फिर पैर पसार रहा कोरोना: महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में बढ़ रहे मरीज, 24 घंटे में 300 से ज्यादा संक्रमित, मप्र में भी बढ़े मरीज

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में कोरोना अपने पैर पसारने लगा है। यहां लगातार दूसरे दिन 300 से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए। यहां शनिवार को 321 कोरोना संक्रमित मिले। वहीं, शुक्रवार को 312 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। वहीं, एक्टिव केस की बात करें, तो पिछले 6 दिनों में यहां 444 एक्टिव केस बढ़े हैं यानी इतने मरीजों को इलाज चल रहा है।

दूसरी ओर, पिछले 24 घंटे में देश के 15 राज्यों में कोरोना से ठीक होने वालों से ज्यादा नए संक्रमित सामने आए हैं। महाराष्ट्र में भी लगातार दूसरे दिन 10 हजार से ज्यादा नए केस मिले। वहीं, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश में कोरोना के नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

24 घंटे में 18 हजार से ज्यादा मरीज मिले
पिछले 24 घंटे के अंदर 18 हजार 684 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 14 हजार 338 लोग रिकवर हुए और 98 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 12 लाख 10 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 1 करोड़ 8 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 57 हजार 791 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 81 हजार 644 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

दलाई लामा ने लगवाया पहला टीका
तिब्बती बौद्ध धर्म दलाई लामा ने कोरोना का पहला टीका हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में लगवाया। यहां जोनल हॉस्पिटल में वैक्सीन लगवाने के बाद दलाई लामा ने डॉक्टर्स और हेल्थ स्टाफ को शुक्रिया कहा। उन्होंने टीका लगवाने के लिए आम लोगों से भी अपील की। देशभर में कोरोनावायरस से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अब तक 240 मरीजों की पहचान हुई है जिनमें कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। ये नया स्ट्रेन बेहद खतरनाक और तेजी से फैलने वाला है। वङ, ब्राजील और अमेरिका इसकी मुसीबत झेल रहे हैं। इन नए स्ट्रेन से अब ऐसे लोग भी संक्रमित मिल रहे हैं जिनके विदेश जाने की कोई हिस्ट्री नहीं है।

मध्यप्रदेश के इंदौर में वायरस के नए स्ट्रेन ने दस्तक दे दी है। नोडल कोविड अधिकारी अमित मालाकार ने बताया कि 20 फरवरी को जांच के लिए दिल्ली भेजे गए 106 सैंपल्स में से 6 में यूके स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। इन मरीजों में 10 से 15 फरवरी के बीच संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसमें से किसी भी मरीज की विदेश आने-जाने की हिस्ट्री नहीं है।

6 राज्यों के हाल
महाराष्ट्र: राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 10 हजार 187 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 6,080 लोग रिकवर हुए और 47 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 22 लाख 8 हजार 586 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 20 लाख 62 हजार 31 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52 हजार 440 मरीजों की मौत हो गई। 92 हजार 897 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

केरल: राज्य में शनिवार को 2,791 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 3517 लोग रिकवर हुए और 16 की जान चली गई। अब तक यहां 10 लाख 75 हजार 228 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 लाख 27 हजार 826 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4288 मरीजों की मौत हो गई। 42 हजार 817 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

मध्यप्रदेश: राज्य में शनिवार को 467 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 395 लोग रिकवर हुए और दो की मौत हुई। अब तक 2 लाख 64 हजार 214 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 56 हजार 819 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3868 मरीजों की मौत हो गई। 3527 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

गुजरात: राज्य में शुक्रवार को 571 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 403 लोग रिकवर हुए और एक की जान चली गई। अब तक 2 लाख 72 हजार 811 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 65 हजार 372 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4414 मरीजों की मौत हो गई। 3025 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

राजस्थान: राज्य में शनिवार को 233 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 114 लोग रिकवर हुए। अब तक 3 लाख 21 हजार 356 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 16 हजार 864 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2789 मरीजों की मौत हो गई। 1703 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शनिवार को 321 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 320 लोग रिकवर हुए और एक की जान चली गई। अब तक 6 लाख 40 हजार 815 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 28 हजार 117 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,919 मरीजों की मौत हो गई। 1779 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button