सड़क से लेकर सदन तक हंगामा, राहुल बोले – दबाई जा रही है आवाज
भोपाल – लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने देशभर में केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली में सड़क से लेकर संसद कांग्रेसियों ने हंगामा किया। कांग्रेस सांसद काले कपड़े पहनकर केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों का विरोध करते नजर आए। मोदी सरकार के नीतियों के खिलाफ प्रेस कान्फ्रेंस कर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र की रोज हत्या हो रही है। सिर्फ तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। आवाज उठाने वाले के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां लगा दी जाती हैं। ताकि सरकार के खिलाफ कोई बोलने की हिम्मत ना रख सकें।
सच बोलने पर लगा रही है रोक
कांग्रेस सांसद ने मंहगाई, बेरोजगारी और ईडी की कार्यवाई के खिलाफ प्रेस वार्ता कर कहा कि हम जनहित में महंगाई का मुद्दा उठाते हैं, देश में तेजी से बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हैं इस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर हमें ना तो संसद में बोलने दिया जाता है और ना ही सड़क पर आवाज उठाने दी जाती है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर सरकरा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करो तो गिरफ्तार कर लिया जाता है।
आठ साल में देश कर दिया खत्म – गांधी
मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत देश तो 70 साल में बना, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने 8 साल में इसे खत्म कर दिया। गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि चाहे बेरोजगारी, हिंसा और महंगाई का मुद्दा हो, सरकार का सिर्फ यही एजेंडा है, कि इन मुद्दों को न उठाया जाए।
सब कांग्रेस के खिलाफ – गांधी
तेजी से बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी की बढ़ती दर को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जो विपक्ष लोकतंत्र में लड़ता है वो इंस्टीट्यूशंस के बल पर लड़ता है, जो देश की न्यापालिका और मीडिया होती है उसके बल पर ही विपक्ष खड़ा होता है। लेकिन वर्तमान में ये सभी इंस्टीट्यूशन सरकार का ही साथ दे रहे हैं।