कोरोना पर तीसरा प्रहार: दिल्ली में सिंधिया ने लिया डोज, मप्र में 3 हजार केन्द्रों पर हुआ वैक्सीनेशन

भोपाल। मध्यप्रदेश में 45 साल से ऊपर वालों के लिए गुरुवार कोरोना वैक्सीनेशन शुरू हो गया। अधिकतर केंद्रों पर सुबह से ही कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों में उत्साह रहा। बुजुर्ग भी अच्छी खासी संख्या में इस बार टीकाकरण के लिए पहुंचे। डोज लेने के बाद लोगों ने कहा कि टीके का लंबे समय से इंतजार था। मौका मिला तो कैसे चूकते। दिल्ली में साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में राज्य सभा सदस्य व भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वैक्सीन लगवाई। भोपाल में दोपहर 1 बजे तक 7 हजार लोगों को वैक्सीन का डोज दिया गया। प्रदेश भर में 3 हजार केंद्र बनाए गए हैं। वैक्सीनेशन सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में हो रहा है। सरकारी केंद्रों पर यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है, जबकि निजी अस्पताल में 250 रुपए का शुल्क देना है। सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित इंदौर में 50 हजार और भोपाल में 40 हजार लोगों को डोज देने की तैयारी है। अभी 45+ की आबादी 1.18 करोड़ है। यह संख्या प्रदेश की कुल टीकाकरण योग्य छह करोड़ आबादी की करीब 19% है।
भोपाल में 170 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जा रही
भोपाल में 170 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गुरुवार सुबह 9 बजे से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है। इससे पहले 45 वर्ष से 59 वर्ष की आयु के लोगों को गंभीर बीमारी होने के चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होती थी। अब किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार ने भोपाल में एक दिन में 40 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य तय किया है। शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जाएगी। जबकि निजी स्वास्थ्य संस्थानों में 250 रुपए में यह वैक्सीन लगवाई जा सकती है।
इंदौर में सबसे बड़ा लक्ष्य, सुबह से ही जुटे लोग
गुरुवार सुबह 9 बजे से जिले के 293 केंद्रों पर 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना के टीके लगने शुरू हो गए। एक दिन में कुल 50 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सुबह टीका लगवाने पहुंचे लोगों का कहना था कि इंतजार तो लंबे समय से था, लेकिन अब मौका आया है। इस समय कोरोना से बड़ा डर क्या होगा, टीका तो हमें इससे बचाएगा, फिर इससे क्या डरना।
ग्वालियर में रफ्तार पकड़ी
ग्वालियर में सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ। 10.30 बजे तक अंचल के सबसे बड़े अस्पताल में 75 लोगों को वैक्सीन लग गई थी। यहां पहले दिन 149 सेंटर पर 25 हजार लोगो को टीका लगाने का टारगेट है। अन्य सेंटर में भी धीरे धीरे लोग पहुंच रहे है। पहले एक घंटे वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी रही है। यहां पर शुरू के एक घंटे में 500 से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 11 बजे के बाद थोड़ी रफ्तार बढ़ी है।
जबलपुर में 25 हजार का लक्ष्य
जिले में गुरुवार को 25 हजार लोगों को टीकाकारण का लक्ष्य रखा गया है। जिले में कुल 200 सेंटर बनाए गए हैं। इसमें 70 शहरी तो 130 ग्रामीण क्षेत्रों के सेंटर हैं। जिले को बुधवार शाम को 59 हजार 400 डोज मिली है। इस डोज को शनिवार तक समाप्त करना है। इसके बाद अगले सप्ताह का डोज रविवार तक प्राप्त होगा। लोगों को वैक्सीन लगवाने में परेशानी नहीं हो इसके लिए आॅन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।