
देश में लोकसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। लेकिन भाजपा ने अपनी तैयारियां अभी से शुरु कर दी हैं। चुनाव से पहले भाजपा अपने हर मोर्चे को मजबूत करना चाहती है। वो इस बार किसी भी कीमत पर रिक्श लेने के मूड में नजर नहीं आ रही है। भाजपा में संगठन और सरकार में फेरबदल को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। सोमवार और मंगलवार को भी दिनभर बैठकों का दौर जारी रहा। अब माना जा रहा है कि संगठन और सरकार में फेरबदल को लेकर अंतिम रुप दे दिया गया है।
4 प्रदेशों के बदलेंगे प्रदेश अध्यक्ष
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक सरकार और संगठन में नये चहरों को मौका मिल सकता है। मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना और महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। इन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर नये चेहरों को बिठाया जा सकता है। इसके अलावा नड्डा की टीम में भी नये चहरे देखने को मिल सकते हैं। नड्डा की टीम में तीन नए महासचिव को शामिल किया जा सकता है।
मोदी कैबिनेट में दिखेगा बदलाव
वही सरकार में भी बड़े फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। चुनावी राज्य राजस्थान,छत्तीसगढ़ से कुछ लोगों को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। तो वही महाराष्ट्र, गुजरात से भी कुछ लोगों को मोदी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने और संगठन में फिर से उत्साह भरने के लिए एक-दो नेताओं को लाइम लाइट में लाए जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
NDA का कुनबा बढ़ाने पर जोर
इतना ही नहीं लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा एनडीए का कुनबा बढ़ाने पर भी जोर दे रही है। माना जा रहा है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, पंजाब, तमिलनाडु और केरल में अन्य दलों से गठबंधन पर भी पार्टी जल्द फैसला लेगी। क्योंकि इन राज्यों से NDA का कुनबा बढ़ाने का विचार पार्टी कर रही है।