26.2 C
Bhopal

कांग्रेस के निशाने पर थरूर: भाजपा बोली- राहुल के इशारे पर हो रहा सब कुछ, इन दिनों अंतरराष्ट्रीय मंच पर पड़ोसी के बेनकाब कर रहे है शशि

प्रमुख खबरे

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर इन दिनों अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर हैं। इसकी बड़ी वजह यह कि पाकिस्तान को अंतराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा विदेश दौरों पर भेजे गए प्रतिनिधि मंडल में थरूर भी शामिल हैं। जबकि कांग्रेस उन्हें इस टीम में शामिल नहीं करना चाहती थी। ऐसे में अब पार्टी के नेता उन पर हमलावार है। कांग्रेस नेता उदित राज ने भी थरूर पर निशाना साधा है। जिस पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने आरोप लगाया है कि उदित राज ने राहुल गांधी के इशारे पर अपनी पार्टी के नेता शशि थरूर पर निशाना साध रहे हैं। इसकी वजह यह है कि जब पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने की बात आयी तो केरल के सांसद ने राष्ट्रीय हित को अपनी पार्टी और गांधी परिवार से ऊपर रखा।

बता दें कि थरूर ‘आॅपरेशन सिंदूर’ के बाद पांच देशों के लिए रवाना हुए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। थरूर ने पनामा में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा था कि पहली बार ऐसा हुआ कि सितंबर, 2016 में उरी हमले के बाद भारत ने आतंकी ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच की नियंत्रण रेखा को पार किया। उदित राज ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर के ताजा बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें भाजपा का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर देना चाहिए। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने उदित राज की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और सवाल किया कि क्या पार्टी में देश के लिए बोलना मना है।

रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, कांग्रेस का हाथ किसके साथ? क्या कांग्रेस पार्टी में देश के लिए बोलना मना है? हम भारतीयों को कम से कम इस महत्वपूर्ण समय में एक स्वर में बोलना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधी के इशारे पर थरूर पर हमला करने के लिए उदित राज को ऐसे समय में लगाया है, जब कांग्रेस सांसद थरूर के नेतृत्व में एक सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जो अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही है, पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलेगी।

पूनावाला ने कहा, राहुल गांधी के इशारे पर शशि थरूर पर हमला किया जा रहा है, क्योंकि शशि थरूर ने भारत को प्राथमिकता दी, न कि (गांधी) परिवार को। उन्होंने राष्ट्रीय हित की बात की, न कि अपनी पार्टी के हित की। उन पर इसलिए हमला किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय नीति को वोट बैंक (राजनीति) से ऊपर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सर्वदलीय बैठक में कहा था कि वह इस मुद्दे पर देश और भारतीय सशस्त्र बलों के साथ है, लेकिन वह अपने व्यवहार में लगातार दोहरे मापदंड प्रर्दिशत कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं के हालिया बयानों का हवाला दिया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘आॅपरेशन सिंदूर’ पर ‘छिटपुट युद्ध’ टिप्पणी भी शामिल है। प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले पर पाकिस्तान को ‘क्लीन चिट’ देने में लगी हुई है। पूनावाला ने आरोप लगाया, आज कांग्रेस पाकिस्तान के डीजी आईएसपीआर (अहमद शरीफ चौधरी) की तरह बात करते हुए अपने ही नेता (शशि थरूर) पर मिसाइल दाग रही है। यह (कांग्रेस) पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहेगी। यह पाकिस्तान को क्लीन चिट देगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे