इंदौरमध्यप्रदेश

कुक्षी में बोले शिव-वीडी: गैर जनजातियों के खिलाफ नहीं पेसा एक्ट, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

भाजपा की सरकार ने गांव-गांव में तालाब बनवाये हैं। इन तालाबों का प्रबंधन ग्राम सभाएं करेंगी। तालाब में मछली पालन होगा या नहीं, यह ग्राम सभा तय करेगी और उससे प्राप्त होने वाली राशि ग्राम सभा को मिलेगी।

धार। मध्यप्रदेश की सरकार ने जनजातियों के हित में बीते 15 नवंबर को प्रदेशभर में पेसा एक्ट लागू कर दिया है, जिसके बाद से जिलों में पेसा जागरूकता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धार जिले के कुक्षी में पेसा जागरुकता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल हैं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता द्वय ने कहा कि भाजपा जनजातीय हितों के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातियों के हित में प्रदेश में पेसा एक्ट लागू कर दिया गया है। यह ऐक्ट किसी गैर जनजातीय के खिलाफ नहीं है, यह जनजातियों को और मजबूत करने के लिए है। यह एक्ट सामाजिक समरसता के साथ लागू हुआ है।

शहरों में नहीं, गांवों में लागू होगा पेसा एक्ट
वहीं शिवराज ने कहा कि पेसा एक्ट किसी के खिलाफ नहीं है, यह 89 ब्लॉक में लागू होगा। शहरों में नहीं गावों में लागू होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में जनजातीय समाज के अलावा अन्य जाति के लोग भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह जल, जंगल, खदाने भगवान ने सभी के लिए बनाई हैं। पेसा कानून के जो नये नियम बने हैं, वह जमीन, जल और जंगल का अधिकारी ग्राम सभा को देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हर साल गांव की जमीन, उसका नक्शा, खसरे की नकल, बी-1 की नकल, पटवारी या बीट गार्ड गांव में लाकर दिखाएगा। ग्राम सभा में यह दिखाई जाएगी, ताकि जमीन में कोई हेर-फेर न हो सके। आपके पास नक्शा भी रहे और किस-किस का नाम है यह भी जानकारी रहे। उन्होंने कहा कि राजस्व के नक्शे में कोई गड़बड़ी हो तो ग्रामसभा को यह अधिकार होगा कि वह यह नाम ठीक करा सके।

भाजपा सरकार ने गांव-गांव में तालाब बनवाये
सीएम ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गांव-गांव में तालाब बनवाये हैं। इन तालाबों का प्रबंधन ग्राम सभाएं करेंगी। तालाब में मछली पालन होगा या नहीं, यह ग्राम सभा तय करेगी और उससे प्राप्त होने वाली राशि ग्राम सभा को मिलेगी। उन्होंने कहा कि मामा की सरकार में शोषण नहीं होगा। अगर किसी ने निर्धारित ब्याज से ज्यादा या बिना लाइसेंस के कर्जा दिया तो वह कर्ज वसूली नहीं करवा पाएगा। वह कर्ज माफ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खदानों व खनिजों पर पहला अधिकार जनजातीय सोसाइटी का, दूसरा अधिकार जनजातीय बहनों का, तीसरा अधिकार जनजातीय पुरुष का होगा और यदि वह मना करें तो फिर किसी ओर का अधिकार होगा।

आजादी के लिए सर्वस्व समर्पित किया जनजातीय नायकों ने
पेसा जागरूकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा और देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय महानायकों ने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार जनजातीय भाई-बहनों को उनका अधिकार दिलाने और उनके सम्मान के लिए दृढ़ संकल्पित है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस ने जनजातीय समाज की सुध नहीं ली
वीडी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश पर राज किया, लेकिन कभी जनजातीय समाज की सुध नहीं ली। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए विशेष मंत्रालय व जनजातीय आयोग का गठन कर, यह प्रमाण दिया कि भाजपा जनजातीय हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेसा एक्ट अनुसूचित क्षेत्र में लागू होगा, जिससे गांव के निर्णय, गांव के लोग और ग्राम सभाएं करेंगी। उन्होंने कहा कि पेसा एक्ट को लेकर कांग्रेस भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनजातीय बंधु उनके बहकावे नहीं आने वाले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button