मध्यप्रदेश

राव ने दी भाजपा नेताओं को कड़ी नसीहत: बोले- जिनको यह काम नहीं आता, वह नेतागिरी के लायक नहीं

पार्टी ने बूथ सशिक्तकरण अभियान को लेकर जो काम निर्धारित किए हैं, बूथ स्तर पर उन सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें। अगर हम अपने बूथ को सशक्त कर लेंगे तो कोई भी चुनाव जीतना हमारें लिए आसान है।

भोपाल। मध्यप्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव को लेकर भाजपा के छोटे से लेकर शीर्ष स्तर तक के नेता सक्रिय हो गए हैं। इतना ही नहीं, बूथों को मजबूत करने के लिए पार्टी बूथ विस्तार अभियान का दूसरा चरण भी शुरू कर दिया है। इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने किया था। अभियान के तहत प्रतिदिन बीजेपी संगठन के बड़े नेता अलग-अलग बूथों पर जाकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे रहे हैं। इन सबके बीच चुनावी तैयारियों का जायजा लेने भोपाल आए भाजपा के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव ने पार्टी के नेताओं को कड़ी नसीहत दी है। उनके इस बयान से पार्टी के कई नेताओं की टेंशन भी बढ़ गई है।

दरअसल मुरलीधर राव राजधानी भोपाल के ही बूथ क्रमांक 248 पर पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी की प्रदेश सरकार ने अगला चुनाव जीतने के लिए बहुत काम किए हैं। शिवराज सरकार के प्रचार-प्रसार के बारे में रोज बोला करो, ढपली बजाओ, कितने काम हुए हैं। रोज इन कामों को लोरी की तरह गाते रहना है,जो लोरी जैसा रोज गाता नहीं है, वह नेतागिरी के लायक नहीं है।

सभी वर्गों को मिल रहा है योजनाओं का लाभ
राव ने कहा कि हमारे यहां बूथ केंद्र, शक्ति केंद्र की संरचना है, इसे हमें और मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित जन कल्याणकारी योजना का लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है। हमें निरंतर बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र पर तैनात होकर गरीबों का जीवन बदलने वाली योजनाओं के हितग्राहियों से बूथ पर मिलना और जो लोग योजनाओं से वंचित हैं उनको जोड़ने का काम करना है।

ऊर्जा के साथ काम करके दिलानी है विजयश्री
सभी कार्यकर्ताओं को पूरी उर्जा के साथ काम करके चुनाव में विजयश्री दिलानी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बूथ सशिक्तकरण अभियान को लेकर जो काम निर्धारित किए हैं, बूथ स्तर पर उन सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें। अगर हम अपने बूथ को सशक्त कर लेंगे तो कोई भी चुनाव जीतना हमारें लिए आसान है। उन्होंने कहा कि हमारे बूथ कार्यकर्ता ही 2023 के विधानसभा चुनाव में विजयश्री दिलाएंगे।

बीजेपी का लक्ष्य 200 के पार
2018 के विधानसभा चुनाव की भांति ही इस बार भी प्रदेश बीजेपी ने 200 पार का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुरलीधर राव ने कहा कि पिछले चुनाव में हमारा वोट शेयर 41 प्रतिशत था। इसे बढ़ाकर संगठन ने हमें 51 प्रतिशत का लक्ष्य दिया गया है। बूथ के कार्यकर्ता 2023 के विधानसभा चुनाव में अब की बार 200 पार और 51 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button