हरियाणा के किसान फिर उतरे सड़कों पर: इन मांगों को लेकर टोल प्लाजा पर किया प्रदर्शन
चंडीगढ़। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी के आह्वान पर शनिवार को किसान करनाल और अंबाला सहित हरियाणा के कई टोल प्लाज़ा पर एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों की आवाजाही मुफ्त करा दिया। प्रदर्शनकारी किसानों की प्रमुख मांगों में से एक मांग गेहूं की खरीद पर प्रति कुंतल 500 रुपये बोनस है।
किसानों ने राज्य में टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर के दायरे में रह रहे लोगों से टोल नहीं लिए जाने व टोल बूथ संचालन में स्थानीय लोगों को भर्ती किए जाने की भी मांग की। गुरनाम चढूनी ने शुक्रवार शाम को एक वीडियो संदेश में किसानों से टोल पर एकत्र होने और सुबह 10 बजे से अपराह्न एक बजे तक तीन घंटे के लिए वाहनों की आवाजाही को ‘टोल फ्री’ कराने की अपील की थी।
करनाल के बस्तर टोल प्लाजा पर एक प्रदर्शनकारी ने कहा, हम सरकार से गेहूं खरीद पर बोनस देने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार वे बोनस की मांग कर रहे हैं क्योंकि मौजूदा रबी विपणन सीजन में गेहूं की पैदावार कम होना तय है। अंबाला के टोल प्लाजा पर भी किसानों का ऐसा ही विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टोल वसूली केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।