राहुल गांधी ने संसद का अपमान किया: शिवराज सिंह
अपरिपक्व नेता को जबरन कांग्रेस राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपरिपक्व नेता हैं जिन्हें कांग्रेस जबरन में राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली है। आश्चर्य की बात है कि राहुल बाबा यह बोल रहे हैं कि दुर्भाग्य से मैं सांसद हूं। यह कहकर राहुल ने संसद का अपमान किया है।
सीएम ने कहा कि राहुल गांधी मेच्योर नहीं हैं। उनकी मानसिक आयु बच्चों जैसी है। उन्होंने सवाल किया दुर्भाग्य से सांसद होने का क्या मतलब है। क्या यह संसद का अपमान नहीं है। संसद में भेजने वाली जनता का अपमान नहीं है और क्या यह भारत के लोकतंत्र का अपमान नहीं है। चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र के पवित्र मंदिर का अपमान किया है। उन्होंने भारत के संविधान का अपमान किया है। उन्होंने जनता की आस्था और विश्वास पर चोट की है। अजीब नेता हैं ये जब संसद में बोलना चाहिए तो विदेश भाग जाते हैं, कई बार बिना बताए भी गायब हो जाते हैं। वो विदेश में जाकर देश की आलोचना करते हैं। प्रधानमंत्री जी के विरोध में ऐसे अंधे हो गए कि देश का विरोध करते हैं। राहुल गांधी जी आप देश के बाहर देश के बारे में जो बात बोलते हैं वो देशद्रोह की सीमा में नहीं आता क्या। क्या यह आपकी राष्ट्रभक्ति है। शिवराज ने कहा कि उनके बयानों पर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं को जवाब देना चाहिए कि क्या वो राहुल गांधी के इन बयानों से सहमत है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों का क्या मतलब है। राहुल गांधी से समझदार हमारे बूथ का एक कार्यकर्ता होता है। इसलिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस ऐसे नेता को राष्ट्रीय नेता बनाने की जिद पर अड़ी हुई है। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य तो है ही, लेकिन कांग्रेस के दुर्भाग्य को वह देश का दुर्भाग्य बनाने पर न तुलें।