भोपाल

पीएम मोदी 6 अप्रैल को करेंगे कार्यकर्ताओं को संबोधित, भाजपा में होगा त्रिदेवों का प्रशिक्षण

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। मध्यप्रदेश में बूथ स्तर पर यह कार्यक्रम होगा। गुरूवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री  हितानंद ने पार्टी के स्थापना दिवस एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस है। बूथ स्तर पर प्रभावी कार्यक्रम हो, साथ ही सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा स्थापना दिवस का प्रचार प्रसार हो। प्रदेश में यह कार्यक्रम पार्टी के भोपाल मुख्यालय, जिला स्तर एवं मंडल स्तर पर संपन्न होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ता अपने घरों और पार्टी कार्यालयों की साज सज्जा करें।

6 से 14 अप्रैल तक होंगे कार्यक्रम

6 अप्रैल को निर्धारित स्थान पर कार्यकर्ताओं का प्रातः 9 बजे एकत्रीकरण होगा। जिसके बाद कार्यकर्ता शोभा यात्रा के रूप में निकलेंगे। 9.55 बजे पुनः एकत्रीकरण के साथ वंदे मातरम होगा। प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उदबोधन होगा। कार्यकर्ता बडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम को देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल से 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती तक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सेवा कार्य जलाशयों की स्वच्छता, बस्तियों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, कुपोषण अभियान सहित अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करें। 14 अप्रैल डॉ. अंबेडकर की जयंती पर संभाग एवं जिला केन्द्रों पर बाबा साहेब के जीवन से जुडे़ संस्मरण एवं भाजपा सरकार द्वारा उनके लिए किए गए कार्यो पर केन्द्रित विचार विमर्श हो। साथ ही अंबेडकर जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के कार्यक्रम हो।

कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष में होंगे कार्यक्रम
हितानंद ने कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत होने वाले आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि वैचारिक प्रबोधन की दृष्टि से आगामी समय में 10 संभाग एवं प्रदेश के 90 केन्द्रों पर समसामयिक एवं तात्कालिक अलग अलग विषयों पर पार्टी के केन्द्रीय नेतागण एवं वरिष्ठ नेतागणों के व्याख्यान होंगे। जिसके लिए क्षेत्रीय आधार पर अलग अलग विषय तय किए गए है। 15 अप्रैल से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम के लिए गठित समिति के संयोजक पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी रहेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे एवं श्री प्रदीप त्रिपाठी सदस्य होंगे। इसी प्रकार युवाओं के लिए खेल स्पर्धाएं एवं अलग अलग प्रकार के युवा केन्द्रित कार्यक्रम 15 मई से 15 जून के बीच होंगे। इस कार्यक्रम के समिति के संयोजक पार्टी के प्रदेश महामंत्री शरदेन्दु तिवारी एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश सिंह चतुर्वेदी,  नागर सिंह चौहान, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा एवं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार सदस्य होंगे। इसी प्रकार 15 जून से 15 जुलाई के बीच 4 महानगरों में समाज में प्रभावी एवं सक्रिय महिलाओं के सम्मेलन होंगे। साथ ही हर जिले में स्वसहायता समूह, कामकाजी महिलाएं, लाडली लक्ष्मी योजना, कन्यादान योजना, उज्जवला योजना एवं अन्य योजनाओं की महिला हितग्राहियों के सम्मेलन, तुलसी एवं ‘हल्दी कुमकुम’’ के कार्यक्रम होगें। इस कार्यक्रम के लिए गठित समिति की संयोजक प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार होंगी। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन,  सुमित्रा वाल्मीकि, महिला मोर्चा अध्यक्ष माया नारोलिया एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी  नरेन्द्र शिवाजी पटेल सदस्य के रूप में रहेंगे।

होगा त्रिदेवों का प्रशिक्षण

28 जुलाई से 15 अगस्त के बीच युवा मोर्चा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से वृक्षारोपण के वृहद आयोजन करेंगे। जिसके साथ ही ठाकरे जी की स्मृति में उपवन वाटिकाएं तैयार होगी। इस कार्यक्रम के लिए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा संयोजक होंगे एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री  राजेश पाण्डे, केशव भदौरिया एवं विजय दुबे सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि बूथ विस्तारक योजना में हमने त्रिदेव (बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बीएलए) का कांसेप्ट दिया। अप्रैल के आखिरी सप्ताह में त्रिदेवों का प्रशिक्षण होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button