लंच ब्रेक के लिए कार्रवाई रोकी गई थी। करीब पौने तीन बजे आरा मशीन कारखाने को गिराने के साथ कार्रवाई दोबारा शुरू कर दी। इसके बाद एक घंटे तक करीब सवा चार बजे कार्रवाई चली। करीब आठ घंटे चली तोड़फोड़ के दौरान 40 अवैध दुकानों को हटाया गया।
यह पूरी जमीन लालजी भाई ठाकुर के नाम पर बताई जाती है, जिनकी मौत हो चुकी है, जिसके बाद यहां दुकान संचालित करने वाले डेरे के लोगों और लालजी भाई और उनके बीच कोर्ट में केस विचाराधीन है। अतिक्रमणकारियों का आरोप है कि शासन यहां कैसे आ गया, जबकि यह जमीन प्राइवेट है।
अभी करीब 40 दुकानों का अतिक्रमण हटाया जा चुका है। 200 से अधिक पुलिस बल रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गए। रहवासी क्षेत्र में भी अतिक्रमण तोड़ा जाना है, लेकिन अभी उस तरफ बुलडोजर का मुंह नहीं किया गया है। पुलिस ने विरोध करने वाले संभावित लोगों को रात में ही समझाइश दे दी थी। मौके पर जिला प्रशासन और नगर निगम का अमला लगा हुआ था। पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी गई थी। यहां पहुंचने वाले तीनों रास्ते सील कर दिए गए।
सालों बाद प्रशासन हिम्मत जुटा पाया: राजधानी के ईरानी डेरे पर कुछ दिन पहले जिला प्रशासन और नगर निगम ने अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई करने की बात कही थी, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते यह कार्रवाई नहीं हो सकी थी। सालों बाद प्रशासन यहां पर कार्रवाई की हिम्मत जुटा पाया है। कुछ दिन पहले करोंद क्षेत्र अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा पर पुलिस पार्टी पर हमला हो गया था। धोखाधड़ी के एक मामले में सागर पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
उस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया था और पुलिस एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर पाई थी।
समिति ने कब्जा कर रखा: जानकारी के अनुसार 80 फीट चौड़ी हमीदिया समानांतर सड़क के किनारे अवैध कब्जे वाली करीब 12 हजार वर्गफीट सरकारी जमीन पर हसैनी जनकल्याण समिति का अवैध कब्जा है।
कांग्रेस ने दिया गुंडे-बदमाशों को संरक्षण: ईरानी डेरे पर कार्रवाई को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के नेता भू माफियाओं का संरक्षण देते रहे। पीसी शर्मा ने ऐसे गुंडे बदमाशों के संरक्षण दिया है। झुग्गी माफिया पीसी शर्मा हैं। कांग्रेस सरकार में पल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।