इटावा। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायाम सिंह के छोटे भाई राजपाल सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह करीब 4 बजे अंतिम सांस ली। राजपाल यादव के निधन की जानकारी उनके भाई रामगोपाल यादव ने दी है। गुरुग्राम से उनका पार्थिव देह उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जाएगा। जहां अंतिम दर्शन के बाद सैफई में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की खबर से यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शाक में डूब गए हैं । बताया जा रहा है कि राजपाल यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
राजपाल सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही सपा नेता और कार्यकर्ता मुलायम सिंह के गांव सैफई के लिए रवाना हो गए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और सैफई पहुंच रहे हैं। शिवपाल यादव पहले से ही सैफई में मौजूद हैं। रामगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, “मैं अत्यंत दुख के साथ ये सूचित कर रहा हूं कि मेरे अनुज राजपाल सिंह का आज सुबह चार बजे गुरुग्राम के एक अस्पताल में असामयिक निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार मेरे पैतृक गांव सैफई में आज दोपहर बाद किया जाएगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति!”
राजपाल का परिवार भी राजनीति में सक्रिय
राजपाल यादव के निधन की खबर सुनते ही सुबह से ही उनके घर पर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। यादव परिवार और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं। बता दें कि राजपाल यादव मुलायम सिंह यादव के चार भाइयों में चौथे नंबर के थे। राजपाल यादव का परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा है। राजपाल की पत्नी प्रेमलता यादव ने 2005 में राजनीति में कदम रखा था और यादव परिवार की पहली महिला नेता बनी थीं। वह इटावा जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। बाद में परिवार की अन्य महिलाएं, शिवपाल की पत्नी सरला यादव, अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव और प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भी राजनीति में आईं। इस समय इटावा जिला पंचायत के अध्यक्ष अंशुल यादव हैं, जोकि राजपाल और प्रेमलता के बेटे हैं।