जयस का शक्ति प्रदर्शन भोपाल में, सर्वसमाज को साधने का जतन
चुनाव से पूर्व अपनी ताकत दिखाने में लगा जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दस दिसंबर को जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने जा रहा है। इस प्रदर्शन के जरिए वह सर्व समाज को साधकर अपनी ताकत अन्य राजनीतिक दलों को बताने की कोशिश करेगा। ज्ञात रहे कि पिछले विधानसभा चुनाव में जयस ने कांग्रेस का साथ दिया था और उसे सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार जयस अलग राह पकड़ता दिख रहा है। वह 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका भी दे सकता है।
राजधानी में जयस के बैनर तले 10 से ज्यादा राजनीतिक और सामाजिक संगठन प्रमुख जुटने जा रहे हैं। इनमें समता समाधान पार्टी, ओबीसी महासभा, ओबीसी वर्ग और मुस्लिम वर्ग के संगठन प्रमुख शामिल होंगे। इनमें प्रदेश के पूर्व विधायक और सांसद भी रहेंगे। जयस संरक्षक डॉ हीरालाल अलावा का कहना है कि जयस सर्व समाज जोड़ो अभियान चला रहा है। आदिवासियों के साथ अन्य वर्गो, बुद्धिजीवियों को भी साथ जोड़ रहे हैं, ताकि वर्ष 2023 में नई विचारधारा और नए नेतृत्व को लेकर चुनावी रणनीति बनाई जा सके। इससे पहले जयस प्रदेश की 77 सीटों पर विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर चुका है।