डेट करते-करते एक दूसरे को दिल दे बैठे पलक-मिथुन, आशीर्वाद देने मुंबई पहुंचे इंदौरी भी
मायानगरी मुंबई में हुए विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पलक मुछाल की जन्मस्थली इंदौर से भी कई लोग मुंबई पहुंचे थे, जहां सभी ने विवाह समारोह में शिरकत करते हुए पलक मुछाल को शुभकामनाएं, और आशीर्वाद दिया है।

इंदौर। बॉलीवुड की फेमस गायिका पलक मुछाल ने संगीतकार मिथुन शर्मा के साथ विवाह बंधन में बंध गई है। इन दोनों ने मुंबई के एक होटल में हुए विवाह समारोह में रिश्तेदारों और करीबी लोगों की मौजूदगी में 7 फेरे लिए। विवाह के बंधन में बंधने के बाद पलक और मिथुन ने फिल्म इंडस्ट्री और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी भी दी। पार्टी में शामिल हुए फिल्म और संगीत जगत के सितारों ने वर-वधु (पलक मुछाल और मिथुन शर्मा) को आशीर्वाद दिया। खबर यह भी है कि पलक और मिथुन 12 नवंबर को इंदौर में भी एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी आयोजित करेंगे।
मायानगरी मुंबई में हुए विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पलक मुछाल की जन्मस्थली इंदौर से भी कई लोग मुंबई पहुंचे थे, जहां सभी ने विवाह समारोह में शिरकत करते हुए पलक मुछाल को शुभकामनाएं, और आशीर्वाद दिया है। शादी में सिंगर शान, सोनू निगम, कैलाश खेर, सोनाली राठौर, रूपकुमार राठौर, रश्मि देसाई सहित कई फिल्म इंडस्ट्री के सितारे जुटे। इसके अलावा संगीतकार प्यारे लाल, कल्याणजी भाई भी शादी में मौजूद थे।
विशेष पोशाख पहने नजर आए दोनों
शादी के दौरान मिथुन क्रीम कलर की शेरवानी में नजर आए। शेरवानी का स्टाइल राजस्थान में पहने जाने वाली लटकन पोशाख जैसा था, तो दुल्हन पलक ने मेहरून रंग की पोशख पहन रखी थी। स्टेज को भी क्रीम और लाल रंग के फूलों से सजाया गया था। बता दें कि शादी से पहले दोनों लंबे समय तक एक दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि अब दोनों एक-दूसरे के हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार शादी का यह समारोह काफी सादगी भरे अंदाज में हुआ।
पलक ने सोशल मीडिया में शेयर की शादी की तस्वीरें
शादी के बाद पलक ने अपनी और मिथुन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन फोटोज में दोनों की जोड़ी कमाल लग रही है। इस पोस्ट के साथ पलक ने एक रोमांटिक कैप्शन भी दिया है। उन्होंने लिखा, ‘आज हम दो सदैव के लिए एक हुए।’ फैंस के साथ सेलब्स भी इन तस्वीरों पर दोनों को शादी की बधाइयां दे रहे हैं।
समाज सेवा में भी लगी रहती हैं पलक
बता दें कि सिंगर पलक मुछाल अपनी गायकी के माध्यम से समाजसेवा के क्षेत्र में भी समय-समय पर योगदान देती रही हैं, जहां पलक ने अपने भाई पलाश के साथ दिल की बीमारी से जूझ रहे बच्चों के इलाज और आॅपरेशन के लिए देश विदेश में अलग-अलग आयोजन कर चंदा इकट्ठा किया है। पलक मुछाल ने अपने इस अभियान का नाम दिल से दिल तक रखा था। इतना ही नहीं पलक मुछाल ने भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए भी चंदा इकट्ठा किया था। पलक मुछाल ने अपनी फाउंडेशन के जरिए लगभग 200 से ज्यादा बच्चों के दिल का आॅपरेशन कराया है।