भोपाल। मप्र कांग्रेस 27 जनवरी से जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस अपने इस अभियान की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी शनिवार को देपालपुर बड़नगर बदनावर, और सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकी। इस दौरान जीतू ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मप्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संसद के भीतर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का अपमान कर देश के उस वर्ग का अपमान किया है जो अंबेडकर जी को अपना भगवान मानते हैं, उन्हें पूजते हैं। वहीं जीतू ने मप्र सरकार को अपने निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जो वादे जनता से किये थे, किसानों से किये थे वह पर्ची से बने मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया।
सौरभ शर्मा कहा है आज तक नहीं पता
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक नगरियों में शराब पर प्रतिबंध लगायेंगे, मतलब अवैध चालू करायेंगे, चैक पोस्ट बंद कर दिये अवैध चालू हैं, तभी तो सौरभ शर्मा के सोने के विस्कुट जंगल में पड़े मिले। 55 किलो सोना, 10 करोड़ नगद मोहन यादव जी ये कैसा राम राज्य है? ईडी इनकम टेक्स गई, लेकिन आज तक पूछताछ नहीं हुई। सौरभ शर्मा कहा है आज तक पता नहीं चला। वह डायरी कहां है, जिसमें 2000 करोड़ का हिसाब लिखा है। मोहन यादव की एक बात की दाद देना पडेÞगी कि अपने जिले के हैं, 5000 करोड़ से कम कर्ज ले तो अपना अपमान समझते हैं।
मप्र में हर व्यक्ति पर 50 हजार का कर्ज
उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 4 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज हो गया, पर किसान को खाद नहीं, गेहूं के दाम नहीं, लहसुन महंगा हुआ तो चाईना से मंगा लिया। हर व्यक्ति पर 50 हजार का कर्ज है। किसान की मांग थी 6000 रू. सोयाबीन की उस पर कोई ध्यान नहीं। कई योजनाएं बंद कर दी, 33 विभागों की 73 योजनाएं बंद कर दी। आखिर यह कर्ज लेते हैं वह जाता कहा है यह कर्ज करप्शन में चला जाता है। यह कर्ज लेते हैं तो ऐसी योजना बनती है कि आधा कैसे जेब में डाला जायें।
अंबेडकर के अपमान पर शाह को मांगनी पड़ेगी माफी
पटवारी कार्यकर्ताओं से कहा कि जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान के आगाज कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित देश और प्रदेश के तमाम सीनियर नेता मौजूद रहेंगे। इस अभियान में प्रदेश भर से करीब दो लाख से अधिक कांग्रेसजन और अंबेडकर जी को मानने वाले उनके अनुयायी शामिल होंगे। उन्होंने आग्रह किया जय बापू-जय भीम-जय संविधान अभियान में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेसजन महूं पहुंचकर भाजपा सरकार की संविधान और आरक्षण विरोधी सोच के खिलाफ आवाज बुलंद करें। संविधान और अंबेडकर का अपमान करने वाले अमित शाह को माफी मांगना पडेगी।