धर्म

होली : श्यामला हिल्स की खुली वादियों में गीत संगीत के बीच होली, पर्यटन मंत्री होंगी कार्यक्रम में शामिल

भोपाल। श्यामला पहाड़ी की खुली वादियों में बुधवार शाम होली के गीत-संगीत और नृत्य के वासंती रंग बिखरेंगे। टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केन्द्र, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्व विद्यालय द्वारा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल के सहयोग से यह रंगारंग आयोजन किया जा रहा है। लोक रंगों में छलकती फागुनी छवियों का सुंदर ताना-बाना है- ‘होरी हो ब्रजराज’।

पर्यटन मंत्री होंगी मुख्य अतिथि

संग्रहालय के वीथी संकुल मुक्ताकाश मंच पर बुधवार 16 मार्च की शाम 6.30 बजे यह दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना क्षमा मालवीय के निर्देशन-संयोजक में मंचित होगी। इस प्रदर्शन में शहर के 60 से भी ज्यादा कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। संस्कृति और पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इस रूपक की मूल संकल्पना कवि-कथाकार संतोष चौबे ने की है।

जीवन के सजीले अहसासों की दिलचस्प सौगात

कला समीक्षक विनय उपाध्याय होली के सांस्कृतिक संदर्भों के साथ इस कलात्मक सिलसिले को अंजाम देंगे। ब्रज और मैनपुरी लोक अंचल में सदियों से प्रचलित होली गीतों का संगीत संयोजन संतोष कौशिक और राजू राव ने किया है। ‘होरी हो ब्रजराज, परंपरा के खनकते गीत-संगीत की रंगमयी-प्रेमपगी बौछारों और लोक जीवन के सजीले अहसासों की दिलचस्प सौगात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button