दिग्गी बोले- ‘बागेश्वर धाम’ का समर्थन करने वाले मंत्री इस्तीफा दें…
भारतीय संविधान में हिंदू राष्ट्र का प्रावधान ही नहीं, फिर कैसे कर रहे मांग

गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हिंदू राष्ट्र की मांग करने वाले बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और उनका समर्थन करन वाले भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री बताएं कि जब भारतीय संविधान में हिंदू राष्ट्र का प्रावधान ही नहीं है तो कैसे बनेगा। उन्होंने बीजेपी के उन मंत्रियों से भी इस्तीफा मांगा, जिन्होंने संविधान की शपथ ली है और वे हिंदू राष्ट्र की मांग का समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की शपथ लेने वाले बीजेपी नेता एवं मंत्री यह उजागर करें कि वो हिन्दू राष्ट्र के पक्ष में हैं या नहीं हैं। यदि वे पक्ष में नहीं हैं तो कहें कि उन्हें भारतीय संविधान पर भरोसा है। हिन्दू राष्ट्र हमे नहीं चाहिए। और अगर हिन्दू राष्ट्र की मांग का समर्थन कर रहे हैं तो पहले पद से इस्तीफा दें। इस मामले में प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के हर मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। उनके इस बयान से कांग्रेसी दुविधा में हैं। एक तरफ कमलनाथ बागेश्वर धाम जाकर मत्था टेकते हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस नेता पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध करते हैं। दिग्विजय से पहले पहले सज्जन सिंह वर्मा ने धीरेंद्र शास्त्री पर तंज कसते हुए कहा था कि बाबा देश चला रहे हैं। उससे पहले नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री से पूछा था कि नागपुर से क्यों भाग आए। अब राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री पर सवाल उठाया है।