इंदौर महिला कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर भी विवाद, वरिष्ठ महिला नेताओं ने खोला मोर्चा
नगर अध्यक्ष का विवाद डेढ़ महीने से उलझा हुआ है

इंदौर। शहर कांग्रेस अध्यक्ष का विवाद अभी सुलझा ही नहीं था कि महिला कांग्रेस में भी विवाद शुरू हो गया है। महीने भर पहले अध्यक्ष बनाई गईं साक्षी शुक्ला के खिलाफ पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इससे पहले भी इस पद पर जया तिवारी की नियुक्ति का भारी विरोध हुआ था और अंततः उन्हें हटाना पड़ा था।
बीते करीब एक साल से महिला कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हाल में अध्यक्ष बनाई गईं साक्षी शुक्ला को कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेता कुबूल नहीं कर पा रही हैं। उनका कहना है कि बरसों से जो लोग कांग्रेस की सेवा कर रहे हैं उन्हें दरकिनार कर अचानक किसी नेता पुत्री को हमारे ऊपर लाकर पदस्थ कर दिया गया। साक्षी के विरोध में वरिष्ठ महिला नेता और पूर्व अध्यक्ष शशि यादव, भारती टांक, शंकुलता बड़े, मनीषा शिरढोणकर, किरण जिरेती, अर्चना राठौर सहित कई नेता ने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा से मिलकर विरोध दर्ज करवाया। इनका कहना था कि कुछ महीने पहले ही कांग्रेस में सक्रिय हुई और पार्षद का चुनाव हार चुकीं कनिष्ठ नेता को सीधे अध्यक्ष जैसा जिम्मेदार पद दे दिया, जबकि पार्टी में उनसे कई वरिष्ठ और जानकार महिला नेता मौजूद हैं। हालाँकि श्री वर्मा ने महिला नेताओं को यह कहकर समझाने का प्रयास किया कि साक्षी पूर्व अध्यक्ष कृपाशंकर शुक्ला के परिवार से है। उनके पिता स्वर्गीय पार्षद अनिल शुक्ला ने बरसों तक कांग्रेस की सेवा की है। अब नियुक्ति हो गई है तो निभाना और मानना पड़ेगा। हालाँकि महिलाओं ने उनके इस तर्क को खारिज कर दिया।
पार्षद हार चुकी हैं साक्षी
साक्षी शुक्ला के पिता अनिल शुक्ला पार्षद और वरिष्ठ नेता रहे हैं। हाल के महीनों में उनका निधन हुआ है। साक्षी ने इस बार नगर निगम का चुनाव लड़ा था लेकिन वो लंबे मार्जिन से हार गईं थीं। उसके बाद उन्हें पार्टी ने महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया। जब से वे अध्यक्ष बनी हैं वरिष्ठ महिला नेता उन्हें बिलकुल समर्थन नहीं कर रही हैं। साक्षी ने एक-दो आयोजन किए भी तो वरिष्ठ नेताओं ने आयोजनों से न केवल दूरी बनाए रखी, बल्कि महंगी गैस के खिलाफ एक आयोजन इन नेताओं ने साक्षी के बगैर अपने स्तर पर अलग कर दिया।
पिछली अध्यक्ष को लेकर भी हुआ था बवाल
महिला कांग्रेस में विवाद पीछा ही नहीं छोड़ रहे हैं। साक्षी से पहले जया तिवारी को अध्यक्ष बनाया गया था। उन्हें लेकर खूब बवाल हुआ था। वे भाजपा से कांग्रेस में आईं थी और तब के नगर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने उन्हें सीधे महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनवा दिया था। महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेताओं ने उनके पूरे कार्यकाल में किसी भी आयोजन में शिरकत नहीं की। उनके खिलाफ राजवाड़ा पर धरना तक दे दिया था।
नगर अध्यक्ष का विवाद चल ही रहा है
इंदौर में महिला कांग्रेस के नए विवाद से पहले नगर अध्यक्ष का विवाद डेढ़ महीने से चल ही रहा है। पार्टी ने पुराने अध्यक्ष विनय बाकलीवाल को हटाकर अरविंद बागड़ी को अध्यक्ष बना दिया था लेकिन पद ग्रहण करने के कुछ ही घंटों बाद उनकी नियुक्ति पर प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने स्थगन दे दिया। तब से अध्यक्ष का विवाद सुलझने का नाम ही नहीं ले रहा है। हालत यह है कि शुजालपुर निवासी नेता और यहाँ के प्रभारी महेंद्र जोशी इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष का प्रभार संभाले हुए हैं।