भोपाल। मप्र के पूर्व मंत्री व अमरपाटन से कांग्रेस विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने साधु-संतों को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने सतना में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए साधु-संतों और महामंडलेश्वरों को सांड बताया था। उनके इस बयान पर सियासी घमासान मच गया। एक ओर जहां भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। वहीं साधु संत भी इस टिप्पणी पर भड़क उठे। महामंडलेश्वर अनिलानंद जी महाराज ने डॉ राजेंद्र कुमार के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि विधायक की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। साथ ही उन्होंने विधायक से इस बयान पर माफी मांगने की मांग की है।
सहकारिता और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने हमला बोलते हुए कांग्रेस नेतृत्व से विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंत्री सारंग ने विधायक राजेंद्र सिंह के बयान की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस हिंदू देवी-देवताओं और सनातन धर्म का लगातार अपमान कर रही है। अब तो हद हो गई, हमारे पूज्य साधु-संतों की तुलना सांडों से की जा रही है।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यह टिप्पणी उस मंच से की गई जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद थे, यह दुर्भाग्यपूर्ण तो है ही लेकिन इससे बड़ा कुकृत्य और कुछ नहीं हो सकता।
राजेंद्र कुमार सिंह ने दी ये सफाई
मामले में मचे बवाल के बाद कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह ने सफाई दी है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि मेरी बात की लोगों ने अलग-अलग व्याख्या की है। साधु संतों महामंडलेश्वर का काम किसी पार्टी का काम करना नही है। साधु संतों को किसी दल से सहानुभूति हो सकती है, लेकिन प्रचार करना ठीक नहीं है। हम लोग सभी धर्म को मानने वाले लोग हैं।
यह बोले कांग्रेस विधायक
गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मंत्री व अमरपाटन से कांग्रेस विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने साधु-संतों को लेकर विवादित बयान दिया था। सतना में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने साधु-संतों और महामंडलेश्वरों सांड बताया था। राजेंद्र कुमार ने कहा था कि संयोग ऐसा कि राम मंदिर आ गया, उधर महाकुंभ आ गया। कितना प्रचार हुआ, मैंने तो गणित लगाया, 10-12 करोड़ से ज्यादा लोग नहीं गए। उन्होंने आगे कहा था कि मैं विज्ञान का विद्यार्थी रहा हूं, इंजीनियर हूं। 60 करोड़ लोग, वाट्सएप यूनिवर्सिटी ने लोगों के दिमाग में भर दिया। फिर इन्होंने साधु-संत, संन्यासी, बाबा बैरागी और महामंडलेश्वरों को छोड़ दिया जनता के बीच, जाओ हिंदुत्व की बात करो, भाजपा का प्रचार करो, सनातन की बात करो और ये सांड, चर रहे हैं दूसरों का खेत।