मुख्यमंत्री शिवराज : हमीदिया अस्पताल में भर्ती घायलों से की बातचीत, परिजनों से हर संभव मदद का आश्वासन
भोपाल – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार 18 मार्च की रात्रि रायसेन जिले की खमरिया ग्राम के पास हुई वारदात के घायलों से आज हमीदिया अस्पताल जाकर भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना दुखद है। अपराधियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घायलों के संपूर्ण बेहतर से बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
राजू आदिवासी के परिवार को 5 लाख की मदद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मृतक राजू आदिवासी के परिवार को 05 लाख रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। गंभीर घायल हरि सिंह और रामजी भाई को 02-02 लाख रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। घायल नरेन्द्र की आंख में चोट है, इन्हें भी 02 लाख रूपए की सहायता दी जाएगी। अन्य घायलों को भी 50-50 हजार रूपए की राशि दी जाएगी।
घायलों का होगा नि:शुल्क इलाज
मुख्यमंत्री ने सभी घायलों की स्वास्थ्य जांच और संपूर्ण उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायलों का इलाज पूर्णत: नि:शुल्क होगा।
घायलों के परिजनों से मुख्यमंत्री ने की भेंट
मुख्यमंत्री ने हमीदिया अस्पताल में मौजूद घायल व्यक्तियों के परिजन से भी भेंट की और उन्हें आश्वस्त किया कि इस घटना में घायल उनके परिजन का बेहतर से बेहतर इलाज हो रहा है। दोषियों के विरूद्ध भी कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। भयग्रस्त होने की आवश्यकता नहीं है। स्थानीय प्रशासन और शासन आपके साथ है।
चिकित्सा विशेषज्ञों के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जीएमसी भोपाल के डीन डॉ. अरविंद राय और आर्थोपेडिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील टंडन और अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों से घायलों के उपचार के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कमलेश कुशवाह, हरि सिंह, रामजी भाई, आनंद साहू, राजकुमार, रविन्द्र, महेश, नरेन्द्र, हल्के राम, रमेश और अन्य घायलों से उनके बेड तक जाकर कुशलक्षेम पूछी। मुख्यमंत्री ने रायसेन जिला प्रशासन को भी प्रभावित परिवारों की आवश्यक सहायता के निर्देश दिए हैं।