मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 2.0: 20 दिनों में 60 लाख से अधिक मामलों का हुआ निपटारा: गदगद हुए शिवराज
चौहान ने कहा कि नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को सदैव गंभीरता से लेना है। लोगों को न्याय मिले, इसके लिए समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहे। अभियान के परिणाम अच्छे हैं, लेकिन सही अर्थ में सफलता तब मानी जाएगी, जब कोई भी कार्य लंबित न रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल यही है कि बिना परेशानी के आम जनता का कार्य हो।

भोपाल। भोपाल। मप्र सरकार ने आम जनता की समस्याओं का निराकरण करने के लिए एक बार फिर 10 मई से मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान 2.0 की शुरुआत की थी। जिसका समापन 30 मई को हो गया है। इन 20 दिनों में जनता के 60 लाख से अधिक मामलों का निपटारा किया गया। मामलों के निपटाने का प्रतिशित 96.6 रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कहा है कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में प्रदेश स्तर पर 96.6 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण उल्लेखनीय उपलब्धि है।
चौहान ने कहा कि नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को सदैव गंभीरता से लेना है। लोगों को न्याय मिले, इसके लिए समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहे। अभियान के परिणाम अच्छे हैं, लेकिन सही अर्थ में सफलता तब मानी जाएगी, जब कोई भी कार्य लंबित न रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल यही है कि बिना परेशानी के आम जनता का कार्य हो। चाहे जाति प्रमाण-पत्र देने का कार्य हो सीमांकन के मामले हों या भवन अनुज्ञा जैसे कार्य हों, इन्हें समय-सीमा में किया जाना आवश्यक है।
समस्याओं के निपटारे में यह 5 जिले रहे अव्वल
सीएम ने समीक्षा के दौरान अभियान में श्रेष्ठ कार्य करते हुए सर्वाधिक आवेदनों का निराकरण करने वाले 5 जिले रतलाम, देवास, शाजापुर, खरगोन और इंदौर के प्रशासनिक अमले और जन-प्रतिनिधियों को बधाई भी दी। वहीं शेष जिलों को भी अभियान के सुचारू संचालन के लिए बधाई देते हुए आम जनता के छोटे-छोटे कार्यों को नियमित रूप से समय-सीमा में पूर्ण करने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यह अभियान सुशासन के मंत्र के रूप में संचालित किया गया था। प्रशासनिक अमले के साथ ही जिलों के प्रभारी मंत्री भी निरंतर जन-समस्याओं के निराकरण की समीक्षा करते रहें।
30 मई तक लगे 37 हजार से अधिक शिविर
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम को जानकारी दी गई कि प्रदेश में 10 मई से संचालित जन सेवा अभियान 2.0 में आम जनता की 96.6 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण हुआ है। अभियान में 30 मई तक कुल 37 हजार 556 शिविर लगे। इनमें नागरिकों को 70 सेवाएँ दी गई। कुल 62 लाख 50 हजार 443 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 60 लाख 40 हजार 629 निराकृत किए गए। अभियान में निराकरण की यह स्थिति संतोषजनक और उपलब्धिपूर्ण है। इसी तरह सीएम हेल्पलाइन में दर्ज एक लाख 12 हजार 462 समस्याएँ हल की गई हैं। सीहोर, दतिया, रतलाम, विदिशा और नीमच समस्या निराकरण में अग्रणी रहे। अभियान में सबसे अधिक 29 प्रतिशत सहकारिता विभाग से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त हुए।