भोपाल

भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में आग,कुछ बच्चों के फसे होने की आशंका

भोपाल के कमला नेहरु शासकीय अस्पताल में करीब 9 बजे एक हिस्से में आग लग गई। आग लगने की यह घटना पीडियाट्रिक विभाग में हुई है। इस हादसे में कुछ बच्चों के झुलसने की भी खबर सामने आई है। हालांकि, इस घटना की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चला रही है।  इस घटना के कारण पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है और अपने-अपने बच्चों को खोजने के लिए परिजन परेशान हो रहे हैं। परिजनों को फिलहाल अस्पताल अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। धुआं ज्यादा होने के कारण प्रशासन को रेस्क्यू अभियान चलाने में भी दिक्कत आ रही है। घटनास्थल पर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग और डीआईजी इरशाद वली भी पहुंचे । पूरी घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी रिपोर्ट मांगी है और अस्पताल को बच्चों की सुरक्षा और उपचार करने को कहा है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आग किस कारण से लगी और कितने बच्चे प्रभावित हुए, इसके बारे में जानकारी अस्पताल प्रबंधन या जिला प्रशासन कुछ देर बाद बताएगा। लेकिन राहत की बात है कि आग पर काबू पा लिया गया है और बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वार्ड में मौजूद बच्चों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर उनको इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और सभी बच्चे सुरक्षित है। वार्ड से धुंआ आदि भी निकाल दिया गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लगने की घटना दुखद है। इस वार्ड में बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन की टीम और बचाव कर्मी मौके पर हैं। घटना पर मेरी लगातार नजर है।उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद अधिकारी और प्रशासन लगातार मेरे संपर्क में है। हमारे कैबिनेट के साथी मंत्री विश्वास सारंग घटना की सूचना पाते ही पहुंच गए हैं और बचाव कार्य पर नजर रखे हुए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी सकुशल हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button