प्रमुख खबरें

भाजपा : बूथ विस्तारक योजना और समर्पण अभियान में हुआ अद्भु्त काम, लक्ष्य की प्राप्ति हमारा उद्देश्य

भोपाल। श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष में हमने बूथ विस्तारक योजना और समर्पण निधि अभियान के जो काम हाथ में लिए थे, आप सभी के परिश्रम से दोनों ही अभियानों में अद्भुत काम हुआ है। इसके लिए प्रदेश संगठन और सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। हमें समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना है और पार्टी के वोट शेयर को 51 प्रतिशत तक पहुंचाना है। लक्ष्य को हासिल करने के लिए आप सभी रणनीति और योजना बनाकर काम करें, ताकि हमारे बूथ सक्षम हों और पार्टी को और भी ज्यादा मजबूती मिले। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्तरीय कामकाजी बैठक में पार्टी नेताओं ने कही। कार्यक्रम के दौरान निवृत्तमान संगठन महामंत्री सुहास भगत को भावपूर्ण विदाई दी गई तथा नए संगठन महामंत्री हितानंद का स्वागत किया गया। बैठक में संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने वर्तमान में चल रहे अभियानों की समीक्षा की तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व संगठन महामंत्री सुहास भगत, संगठन महामंत्री हितानंद, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभानसिंह पवैया, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, मंचासीन थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया।

काम को योजना के साथ करें, तो वह योग बन जाता हैः शिवप्रकाश
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि पार्टी ने स्व. ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष में जो दो अभियान लिए थे, उन दोनों का ही काम सफल रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी काम को पूरी योजना बनाकर किया जाता है, तो वह योग बन जाता है। आप सभी ने इन दोनों कामों को एक कुशल योगी तरह किया है। शिवप्रकाश ने कहा कि पार्टी के आगामी कार्यक्रम समाज की दृष्टि से ज्यादा प्रभावी हैं। इन कार्यक्रमों के लिए भी अच्छी योजना बनाएं और समयावधि के अंदर ही उन्हें पूरा करें, ताकि वे ज्यादा प्रभावी हो सकें। उन्होंने कहा कि सभी को यह ध्यान रखना चाहिए कि किसी भी काम के लिए लोगों का चयन, योजना बनाने का काम और उसकी सतत मॉनीटरिंग जितने अच्छे तरीके से की जाएगी, उसके परिणाम भी उतने ही अच्छे मिलेंगे। शिवप्रकाश ने कहा कि पचमढ़ी की चिंतन बैठक में प्रदेश सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, उनका लाभ निश्चित रूप से आने वाले समय में मिलेगा।

इतने सालों में कभी नहीं देखा इस स्तर का काम : शिवराजसिंह चौहान
उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष में पार्टी ने बूथ विस्तारक योजना और समर्पण निधि अभियान चालू किए थे। इस दोनों ही अभियानों के अंतर्गत जिस तरह का काम हुआ है, वह अद्भुत है। मैंने बीते 35 सालों में इस स्तर का काम कभी नहीं देखा। हमारे 92 प्रतिशत बूथ डिजिटल हो गए हैं, जिसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अद्भुत पार्टी है, जिसके कार्यकर्ता होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नेतृत्व मिल रहा है तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा तथा अमित शाह जैसे रणनीतिकारों का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह भारत के प्रगति और विकास का स्वर्णकाल है। चौहान ने म.प्र. की आर्थिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना संकट के बावजूद प्रदेश की आर्थिक विकास दर 19.7 प्रतिशत रही है, जो देश में सर्वाधिक है। प्रति व्यक्ति आय 1.24 लाख पर पहुंच गई है और सकल घरेलू उत्पाद 11 लाख 50 हजार करोड़ पर पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। चौहान ने कहा कि देश की जीडीपी में मध्यप्रदेश का योगदान बढ़कर 4.2 प्रतिशत हो गया है। चौहान ने पॉवर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से पचमढ़ी चिंतन बैठक के निष्कर्षों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को इनकी जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि इन योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ आपको ही जनता तक पहुंचाना है और तभी पार्टी लोगों के दिलों तक पहुंच सकेगी।

शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान

सामूहिकता के साथ समर्पण निधि अभियान में जुटें : मुरलीधर राव
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के समर्पण निधि अभियान से समाज का हर वर्ग और समूह जुड़े, इसके लिए डॉक्टर, इंजीनियर, स्कूल संचालक एवं समाज के प्रबुद्धजनों के कार्यक्रम आयोजित कर उनसे जुड़ने का आव्हान करें। उन्होंने कहा कि समर्पण निधि अभियान पार्टी को आत्मनिर्भर और उसकी ताकत को और अधिक मजबूत करने का अभियान है। इस हेतु लक्ष्य निर्धारित करें और रोडमैप बनाकर काम करें। हमें बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिलाध्यक्षों के प्रवास कार्यक्रम भी निर्धारित हों। साथ ही हर जिले एवं विधानसभा में विशेष संपर्क अभियान चलाएं। अपने अपने क्षेत्र में रहने वाले समाजसेवी, उन्नत किसान, पदमश्री एवं सरकार द्वारा सम्मानित विशेष व्यक्तियों से अभियान के अंतर्गत संपर्क करें। विशेष संपर्क अभियान के लिए प्रत्येक जिले में 5 कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करें, जो समन्वय का काम देखेगी।

सरकार की योजनाओं को लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें कार्यकर्ताः मुंडे
पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, लेकिन गरीबी हटाने के लिए कोई काम नहीं किया। हमारी सरकारें बिना नारे लगाए गरीबी हटाने और गरीबों का जीवन स्तर उठाने का काम कर रही हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से बाबा साहेब आंबेडकर के जन्मदिवस 14 अप्रैल तक गरीब बस्तियों में जाएं और लोगों तक हमारी केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को पहुंचाने, उनका लाभ दिलाने का काम करें। श्रीमती मुंडे ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलता है और जब मैं महाराष्ट्र जाती हूं, तो यहां से सीखी हुई चीजें उन्हें बताती हूं।

भाजपा
भाजपा

हम एक मिशन की तरह देश के लिए काम कर रहे हैंः कैलाश विजयवर्गीय
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बूथ विस्तारक योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदत्त शर्मा और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक यात्रा सिर्फ 10 लोगों के साथ शुरू हुई थी और आज यह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है तथा विश्व के सबसे बड़े नेता का नेतृत्व हमें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव के बीच हमारे नेतृत्व ने यूक्रेन में फंसे 20 हजार भारतीयों की चिंता की और दोनों युद्धरत देशों ने युद्ध विराम करके भारतीयों को वहां से निकलने का सुरक्षित रास्ता दिया। यही नहीं, बल्कि हाथ में तिरंगा झंडा लोगों की सुरक्षा की गारंटी बन गया था। विजयवर्गीय ने कहा कि आज देश में भाजपा को वोट देने का मतलब देश के लिए वोट देना है और यह एक नैरेटिव बन गया है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से हम सब कार्यकर्ता जो भी काम कर रहे हैं, वह अपने लिए या पार्टी के लिए नहीं, बल्कि हम एक मिशन के तौर पर देश के लिए काम कर रहे हैं।

पार्टी के अभियान संगठन की आंतरिक ताकत : विष्णुदत्त शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने संगठन को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया। उन्हीं के विचार को पार्टी के कार्यकर्ता अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष को कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में हम मना रहे हैं। बूथ विस्तारक अभियान में हमने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। हमारे नेता भी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी जनजातीय क्षेत्रों में पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागण भी बूथ केन्द्रों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमने बूथ विस्तारक योजना को आगे बढाया, उसी तरह समर्पण निधि संग्रह अभियान को भी बूथ स्तर तक ले जाने का काम किया। श्री शर्मा ने कहा कि समर्पण निधि धन संग्रह का अभियान नहीं है यह लोक संग्रह का अभियान है। पार्टी ने तय किया कि बूथ स्तर तक 100 रूपए के कूपन देने का अभियान चले, इस दिशा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सफलता हासिल की। प्रदेश के 64 हजार 634 बूथों पर 50 हजार 131 से अधिक 100 रूपए के कूपन हमारे कार्यकर्ताओं ने लिए। इस अभियान में हमारे सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता भी जुड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button