उफ़! फिसलकर 70वे स्थान पर आया भारतीय

डेट्रायट। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी (Indian Golfer Anirban Lahiri) ने तीसरे दौर में एक ओवर 73 का कार्ड खेला जिससे वह रॉकेट मोर्टगेज क्लासिक गोल्फ टूर्नामेंट (Rocket Mortgage Classic Golf Tournament) में संयुक्त 70वें स्थान पर खिसक गये।
लाहिड़ी दूसरे दौर तक संयुक्त 46वें स्थान पर थे, लेकिन वह तीसरे दिन किसी भी समय लय में नहीं दिखे। वह अब टूर्नामेंट में तीन अंडर के स्कोर पर हैं।
ट्राय मेरिट ने तीसरे दौर के बाद जॉकिन नीमैन के साथ संयुक्त बढ़त बना रखी है। इन दोनों का कुल स्कोर 14 अंडर है। आस्ट्रेलिया के कैम डेविस ने छह बर्डी जमाकर 67 का स्कोर बनाया और वह शीर्ष पर काबिज दोनों खिलाड़ियों से एक शॉट पीछे हैं।
लाहिड़ी ने पहले होल में बर्डी बनाकर अच्छी शुरुआत की लेकिन दूसरे होल में ही उन्होंने बोगी कर दी। उन्होंने सातवें होल में फिर से बर्डी बनायी लेकिन आठवें होल में फिर से शॉट गंवा बैठे। इसके बाद उन्होंने नौवें और 12वें होल में भी बोगी की लेकिन 14वें होल में बर्डी बनाने में सफल रहे।
हाल महिला खिलाड़ियों का
भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक (Tvesa Malik) लगातार दूसरे दिन एक अंडर 71 का स्कोर बनाकर बिग ग्रीन एग ओपन गोल्फ टूर्नामेंट (Big Green Egg Open Golf Tournament) में संयुक्त 32वें स्थान पर रही।
एक अन्य भारतीय खिलाड़ी दीक्षा डागर (Diksha Dagar) ने तीन ओवर पार के स्कोर के बाद इवन पार 72 का कार्ड खेला और वह संयुक्त 53वें स्थान पर रही। वाणी कपूर (Vani Kapur) और आस्था मदान (Aashta Madan) इससे पहले कट से चूक गयी थी।
आस्ट्रेलिया की स्टेफनी किरियाको ने अंतिम दौर में 67 का कार्ड खेला और लेडीज यूरोपीय टूर में अपना दूसरा खिताब जीता। इस 20 वर्षीय खिलाड़ी ने चारों दौर में अच्छा प्रदर्शन किया तथा 66, 72, 65 और 67 के स्कोर बनाये।
त्वेसा ने पांच बर्डी बनायी लेकिन इस बीच चार बोगी भी की। दीक्षा ने तीन बर्डी बनाने के साथ इतनी ही बोगी भी की।