ताज़ा ख़बर

ग़ज़ब रफ़्तार! समय से चार दिन पहले केरल पहुंच जाएगा मानसून, श्रीलंका से बढ़ा आगे

नई दिल्ली। उन राज्यों के लिए यह राहत वाली खबर है, जिन तक मानसून (Monsoon) का रास्ता केरल (Kerala) से होकर गुजरता है। मानसून अपने समय से करीब चार दिन पहले केरल पहुंच जाएगा। फिलहाल करीब छह दिन की खामोशी के बाद इसने श्रीलंका (Sri Lanka)से भारत की तरफ बढ़ना शुरू कर दिया है।
गुरुवार को मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून छह दिन रुकने के बाद श्रीलंका पहुंच चुका है और अब केरल की तरफ आगे बढ़ रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) (IMD) ने कहा ,‘‘ दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्से में दक्षिण पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। अगले 48 घंटे में मॉलदीव, लक्षद्वीप के आसपास के हिस्सों में इसके पहुंचने के आसार हैं।’’
खबरों के अनुसार, केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई है और मौसम कार्यालय ने अगले दो दिन में केरल में और लक्षद्वीप में व्यापक पैमाने पर बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।
आईएमडी ने कहा, ‘‘ मानसून के केरल की ओर बढ़ने पर पूरी नजर रखी जा रही है।’’
सामान्य तौर पर मानसून केरल में एक जून को पहुंचता है अब इसके चार दिन पहले पहुंचने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी मानसून  ने इस माह बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में चक्रवात असानी के कारण तेजी पकड़ ली है।
मॉनसून वक्त से काफी पहले 16 मई को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पहुंच गया था और च्रकवात के शेष प्रभाव के चलते इसके आगे बढ़ने के आसार थे।
‘यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग’ में शोधकर्ता अक्षय देवरस ने ट्वीट किया, ‘‘खुशखबरी, छह दिन रुकने के बाद अरब सागर से उठने वाला मानसून आगे बढ़ा है। मॉनसून अब श्रीलंका पहुंच गया है और अगला पड़ाव केरल होगा। इस बीच बंगाल की खाड़ी से उठने वाले मानसून ने 20 मई से कोई प्रगति नहीं दिखाई है।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button