कोरोना के मामलों में आज बड़ी राहत: बीते एक दिन में मिले 30,549 नए संक्रमित, 39,020 हुए स्वस्थ्य

ताजा खबर : नई दिल्ली। देश में करीब छह दिन बाद आज कोरोना (Corona) के मामलों में बड़ी गिरावट दिखाई दे रही है। भारत (India) में बीते छह दिनों से लगातार 40 हजार से ज्यादा मामले मिल रहे थे वहीं आज यह आंकड़ा 30 हजार के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry of Health) के मुताबिक बीते 24 घंटे में 30,549 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 422 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान 39,020 कोरोना संक्रमितों ने बीमारी को मात दी है।
देश के लिए राहत की बात यह भी रही कि आज मिले मरीजों के साथ नए मामलों में कमी के साथ-साथ ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ है। इसके साथ ही देश में एक्टिव केसों (active cases) की संख्या बढ़कर 4,04,958 पहुंच गई है। देश के सबसे प्रभावित राज्य केरल (Kerala) में भी आज बड़ी राहत दिख रही है। यहां पर आज 13984 संक्रमित मिले हैं। छह दिन बाद केरल में 20 हजार से कम मामले आए हैं। इसी का असर है कि आज देश में कोरोना के मामलों में कमी आई है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 30,029
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 39,020
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 420
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.17 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.08 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.25 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.98 लाख
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन (complete lockdown) जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।