भोपालमध्यप्रदेश

शिवराज कल से शुरू करेंगे प्रदेशव्यापी नशामुक्त अभियान, लालपरेड ग्राउंड में होगा राज्यस्तरीय कार्यक्रम

भोपाल। भाजपा की फायरब्रांड नेत्री और मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती द्वारा प्रदेशभर में शराबबंदी को लेकर मुखर होने के बाद अब सरकार भी मामले में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में कल 2 अक्टूबर यानि गांधी जयंती से शिवराज सरकार प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान चलाने जा रही है। नशामुक्ति अभियान का राज्यस्तरीय कार्यक्रम भोपाल के लालपरेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, योग गुरू बाबा रामदेव और उमा भारती के अलावा शिवराज के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रदेशभर में नशामुक्ति अभियान कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। अभियान में नशे के विरूद्ध पूरे समाज को जागरूक करने और विशेष रूप से युवा वर्ग को नशीले पदार्थों की घातकता से अवगत कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक नगर और ग्राम में सभाएं तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे।

इस अभियान में नशामुक्त हो चुके लोगों के अनुभव साझा करने के साथ नशे की ओर आकर्षित हो रहे व्यक्ति के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में नशामुक्ति केम्प लगाए जाएंगे तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन 14 हजार 446 द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

सेलीब्रिटीज का भी लिया जाएगा सहयोग
अभियान में धर्मगुरूओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित सेलीब्रिटीज का भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान में स्कूल और कॉलेज में कार्यक्रमों के साथ वातावरण निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सभी जिलों में नशामुक्ति अभियान के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियों का गठन किया गया है।

स्कूल-कॉलेज में होंगे कार्यक्रम और गतिविधियां
नवम्बर माह में स्कूल-कॉलेजों में 6 दिवसीय कार्यक्रम और गतिविधियां होंगी। पहले दिन व्याख्यान, प्रेजेंटेशन, लघु फिल्म का प्रदर्शन, दूसरे दिन विद्यार्थियों द्वारा पाती अपनों के नाम निबंध प्रतियोगिता, तीसरे दिन चित्रकला प्रतियोगिता, चौथे दिन वाद-विवाद प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक, पाँचवे दिन वॉल पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता होगी। अंतिम दिन विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button