मध्यप्रदेश

MP आजादी के अमृत महोत्सव को सफल बनाने नहीं छोड़ेगा कोर कसर: शिवराज को विश्वास

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित किया। इस दौरान सभी प्रतिनिधियों को उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के विकास और लोगों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ें, राज्य सरकार पंचायत प्रतिनिधियों के साथ है। इस दौरान सीएम ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को आजादी के अमृत महोत्सव में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बताया कि वे स्वयं भोपाल में स्व-सहायता समूह की बहनों से तिरंगा लेने गए थे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को भी अपने आसपास के स्व-सहायता समूह की बहनों से राष्ट्र ध्वज क्रय करने के लिए प्रेरित किया। मुझे विश्वास है कि प्रदेशवासी राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र-भक्ति के महाआयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रदेश के हर घर और हर प्रतिष्ठान में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा अवश्य लहराएगा।

शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। देश ने संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान से आजादी पायी है। इस काल को उत्सव के रूप में मनाना प्रत्येक प्रदेशवासी का कर्त्तव्य है। हम सब हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ कर आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाएं। हर घर तिरंगा अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने सम्पूर्ण प्रदेश में व्यापक स्तर पर वातावरण निर्माण की गतिविधियां जारी हैं। गांव और नगरों में तिरंगा रैलियों, प्रभात फेरी और भजन मंडलियों द्वारा जन-जन को हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

भारत माता के प्रति समर्तित करें अपना प्रेम
समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, धर्मगुरूओं, समाजसेवियों, समाजसेवी संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं तथा खेल एवं अन्य गतिविधियों से संबंधित संगठन देश प्रेम के इस कार्य में समर्पण और सक्रियता से भाग लें। पूरे देश में 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा। हम सब 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक स्थलों पर तिरंगा अवश्य फहराएं। यह भारत माता के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और समर्पण को समर्पित करने का समय है।

खरीदकर लगाएं तिरंगा
यह आवश्यक है कि हम राष्ट्रीय ध्वज स्वयं खरीदकर कर लगाएं। प्रदेश में महिलाओं के स्व-सहायता समूह और सहकारी समितियां राष्ट्रीय ध्वज निर्माण में लगी हैं। इस दौरान सीएम ने मंडला में मानव श्रंखला द्वारा भारत का नक्शा और रायसेन में 75 वर्ष के अंक के आकार की मानव श्रंखला बनाकर ड्रोन फोटोग्राफी कराने के नवाचार की सराहना की। वहीं बुरहानपुर में सभी धर्मों के धर्मगुरूओं द्वारा एक साथ तिरंगा फहराकर आकर्षक वीडियो तैयार करने की भी प्रशंसा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से वृक्षा-रोपण गतिविधियों को भी जोड़ा जाए। साथ ही महापुरूषों के स्मारकों की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों को भी अभियान में सम्मिलित कर उनका स्मरण और उनके प्रति सम्मान प्रकट किया जाए।

गांव के विकास को समझें अपना कर्तव्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि प्रत्येक गाव अपना गौरव दिवस तय करें। अपने गाव के विकास और ग्रामवासियों के कल्याण को हम अपना कर्तव्य समझें। गांव में स्वच्छता, शौचालयों के सही उपयोग, कुपोषण से मुक्ति, आँगनवाड़ी और शालाओं के संचालन में जन-भागीदारी, बिजली की बचत, नशामुक्ति, बेटियों के सम्मान के लिए सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ सभी लोग कार्य करें। यह अभियान समाज को सही दिशा में ले जाने का अभियान भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button