नाथ का शिवराज से बड़ा सवाल: CM बताएं MP के लाखों बेरोजगारों को कैसे मिलेगा रोजगार
भोपाल। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को नर्मदापुरम के दौरे पर गए। यहां से उन्होंने मप्र की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बड़े आरोप लगाए। नर्मदापुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नर्मदापुरम पवित्र ऐतिहासिक शहर है, लेकिन इसको उसकी प्रतिष्ठा के अनुरूप विकसित नहीं किया गया है। शहर का विकास करने के लिए विजन की जरूरत होती है, टेलीविजन वाले मुख्यमंत्री यह काम नहीं कर सकते।
नाथ यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल के कार्यकाल में प्रदेश को किसान आत्महत्या में नंबर वन बना दिया है, महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन बना दिया है और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया है। मुख्यमंत्री अपने 18 साल के कामकाज का हिसाब जनता को दें। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान से सबसे बड़ा सवाल मैं यह पूछना चाहता हूं कि प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को रोजगार कैसे मिलेगा? शिवराज सिर्फ झूठ,घोषणा कलाकारी और ध्यान मोड़ने की राजनीति कर रहे हैं।
12 महीने बाद कांग्रेस फिर फहराएगी झंडा
जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मैंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी, युवाओं को रोजगार देने की पहल की। आज का नौजवान ठेका और कमीशन नहीं चाहता वह रोजगार चाहता है। शिवराज सिंह चौहान नौजवानों को बताएं कि वह उन्हें रोजगार क्यों नहीं दे रहे हैं? कमलनाथ ने कहा कि 12 महीने बाद प्रदेश की जनता मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा फहराएगी। उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस को वोट मत देना कमलनाथ को वोट मत देना लेकिन सच्चाई को वोट देना। आप सच्चाई को वोट देंगे तो कांग्रेस पार्टी का जीतना तय है।
मोदी कांग्रेस को न पढ़ाएं राष्ट्रवाद का पाठ
वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने नौजवानों से वादा किया था कि वे हर साल दो करोड़ रोजगार देंगे। उन्होंने कहा था कि किसानों की आमदनी दुगनी कर देंगे। लेकिन इस विषय में सरकार ने कुछ नहीं किया, इसलिए यह राष्ट्रवाद की राजनीति करते हैं। चीन और पाकिस्तान की बात करते हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वह कांग्रेस पार्टी को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की कोशिश ना करें, सच्चे राष्ट्रवादियों की पार्टी कांग्रेस पार्टी है। भाजपा वाले बता दें कि इनके परिवार में कौन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी था। कांग्रेस में स्वतंत्रता सेनानियों की लंबी परंपरा है।