वैक्सीनेशन ने पकड़ी रफ्तार: यूपी में 109 साल की बुजुर्ग महिला को लगा टीका, पंजाब में नाइट कर्फ्यू के समय बढ़ोतरी
नई दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी लहर की आहट के बीच वैक्सीनेशन प्रोग्राम ने भी तेजी पकड़ ली है। इसी के मद्देनजर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जालौन में 109 साल की राम दुल्हैया को कोरोना का टीका लगाया गया। वे टीका लगवाने वाली देश की सबसे उम्रदराज महिला हैं। इससे पहले बेंगलुरु में 103 साल की बुजुर्ग जे. कमलेश्वरी को कोरोना की पहली खुराक दी गई थी।
वहीं, पंजाब के 9 जिलों में नाइट कर्फ्यू के समय में बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले यहां रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया था। अब इस बढ़ाकर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। इन जिलों में लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला और रोपर शामिल हैं। यहां पिछले कई दिनों से रोजाना 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
उधर, दिल्ली में कोरोना को लेकर केजरीवाल सरकार अलर्ट पर आ गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक बैठक बुलाई है। इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि अभी फिक्र करने की बात नहीं है, दिल्ली की पॉजिटिविटी दर 1% से कम है और यहां पर अधिक से अधिक लोगों का टेस्ट किया जा रहा है।
सुखबीर बादल को कोरोना
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल की कोरोना रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई थी। गुरुवार को बादल निवास पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई, जिन्हें होम क्वारैंटाइन किया गया है। सुखबीर को मेदांता दिल्ली में भर्ती कराया गया है। अब पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी दिल्ली शिफ्ट होने जा रहे हैं। हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एहतियातन उन्हें उनके दिल्ली निवास पर ले जाया जा रहा है।
24 घंटे में करीब 36,000 मरीज मिले
देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 35,838 लोग पॉजिटिव पाए गए। 17,793 ठीक हुए और 171 की मौत हो गई। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीज, मतलब एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख 49 हजार 197 हो गया। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 17,862 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नए संक्रमितों का आंकड़ा 5 दिसंबर के बाद, यानी 101 दिन में सबसे ज्यादा है। 5 दिसंबर को 36,010 केस आए थे। इसके बाद इनमें गिरावट आती गई। देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 302 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 1 करोड़ 10 लाख 61 हजार 170 ठीक हुए हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 250 लोगों की मौत भी हुई है।