कन्या विवाह योजना का पहला चरण 21 को नसरुल्लागंज में, सीएम बोले- कार्यक्रम ऐसा हो, जो पूरे प्रदेश में बने आदर्श
भोपाल। कोरोना काल के दो साल बाद मध्यप्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना शुरू होने जा रही है। योजना का पहला आयोजन सीहोर के नसरुल्लागंज में 21 अप्रैल को होगा। इस कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने बुधवार को 21 अप्रैल को सीहोर जिले के नसरूल्लागंज में होने वाले विवाह आयोजन की तैयारियों की वीडियो के माध्यम से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 21 अप्रैल से पुन: प्रारंभ हो रही है। कार्यक्रम इस प्रकार से हो, जो सम्पूर्ण प्रदेश के लिए आदर्श बने। आयोजन के लिए नगर में पर्याप्त विद्युत साज-सज्जा भी की जाए। कार्यक्रम में शासकीय व्यवस्था के साथ जन-भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएं। विवाह कार्यक्रम में शासकीय अधिकारी, जन-प्रतिनिधि और समाज के व्यक्ति भावनात्मक रूप से जुड़ें। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में प्रदान किए जाने वाले चेक बेटियों के नाम पर ही दिए जाएं।
बैठक में जानकारी दी गई कि नसरूल्लागंज में होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए अब तक 461 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। सामाजिक संगठनों के साथ कर्मचारी संगठन भी आयोजन में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं। योजना में भेंट स्वरूप दी जाने वाली सामग्री, वर-वधु के परिवारों को रूकवाने और बारात आदि की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।