राजधानी में आज रात 10 बजे से 32 घंटे का लॉकडाउन: लोग सब्जी और किराना सामान खरीदने पहुंचे दुकान
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ते जा रहा है। राजधानी में एक दिन में 345 मामले सामने आए है। संक्रमण को रोकने के लिए सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है। बुधवार से नाइट कर्फ्यू लगाने के बाद सरकार ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर में लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया है। भोपाल में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक 32 घंटे का लॉकडाउन होगा। इसको लेकर लोग भी सुबह सब्जी और किराना की दुकान पहुंचकर जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। इस बार एक दिन के लॉकडाउन होने से लोग ज्यादा परेशान नहीं दिख रहे हैं। हालांकि छोटे दुकान लॉकडाउन को लेकर परेशान है।
शनिवार सुबह रचना नगर मार्केट में सब्जी की दुकान पर अन्य की दिनों की तुलना में लोग ज्यादा सब्जी खरीदते देखे। सब्जी विक्रेता विनोद गुप्ता ने बताया कि अन्य दिनों की तुलना में लोग आज ज्यादा मात्रा में सब्जी खरीद रहे हैं। यह लॉकडाउन का असर है। लोग ताजी सब्जी तुरंत ले जाते थे। आज दो से तीन दिन के लिए सब्जी ले जा रहे हैं।
वहीं, सब्जी खरीदने आए राजकुमार राय ने कहा कि एक दिन का लॉकडाउन हैं, इसलिए कोई ज्यादा परेशानी वाली बात नहीं है। फिर भी रोजमर्रा की जरूरी चीजें सब्जी, दूध खरीद कर रख रहे हैं। यह तो जनता के हित में ही है। इसे जनता को ही सपोर्ट करना चाहिए।
सब्जी कारोबारी सूरज सिंह ने बताया कि उनको लॉकडाउन के संबंध में जानकारी नहीं थी। सुबह मण्डी से सब्जी खरीद कर लेकर आया, लेकिन होटल से सब्जी का आॅर्डर ही कैंसल हो गया। अब सब्जी खराब हो जाएगी। 10 हजार रुपए का नुकसान हो जाएगा। इससे पहले भी लॉकडाउन में नुकसान हुआ था।
चाय की दुकान चलाने वाले कृपा शंकर पांडे ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाना ठीक है, लेकिन इसको रोकने के लिए सरकार को दूसरे प्रावधानों का भी सख्ती से पालन करना चाहिए। ताकि लॉकडाउन लगाने की जरूरत न पड़े। छोटे दुकानदार पर एक दिन दुकान बंद करना भी भारी पड़ता है। मजदूरी निकाला मुश्किल हो जाता है। लॉकडाउन आगे बढ़ेगा तो रोजी रोटी चलना मुश्किल हो जाएगा।