बढ़ी टेंशन: रूसी हमले के बाद यूक्रेन ने बंद किया हवाई क्षेत्र, आधे रास्ते से दिल्ली वापस लौटा एयर इंडिया का विमान
नई दिल्ली। रूस के हमले का सामना कर रहे पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का ऐलान कर दिया है। इस बीच भारतीयों को वापस लाने के लिए कीव गया एयर इंडिया के एक विमान को बीच से ही वापस लौटना पड़ा। गुरुवार सुबह एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली से रवाना होने के बाद, यूक्रेनी अधिकारियों ने एक नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन के भीतर नागरिक विमानों की उड़ानें नागरिक उड्डयन के लिए संभावित खतरे के कारण प्रतिबंधित हैं।
अधिकारियों के अनुसार जैसे ही यूक्रेनी अधिकारियों ने नागरिक विमान संचालन के लिए देश के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था एयर इंडिया और केंद्र सरकार ने इसपर विचार करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद यह फैसला हुआ। अधिकारियों ने कहा कि विमान ने दिल्ली लौटने के लिए ईरानी हवाई क्षेत्र से यू-टर्न लिया।
आपको बता दें कि दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) से सुबह करीब साढ़े सात बजे कीव के बॉरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए उड़ान शुरू हुई थी। इस बीच कीव से यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान गुरुवार सुबह करीब 7.45 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा। एसटीआईसी समूह की निदेशक अंजू वरिया ने कहा, उड़ान में 182 भारतीय नागरिक थे और उनमें से अधिकांश छात्र थे। कुछ और उड़ानें निर्धारित की गई हैं।
एक अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूक्रेन के अधिकारियों से एयरमैन को नोटिस गुरुवार को 0156 जीएमटी पर जारी किया गया था, जो 2359 जीएमटी पर खत्म होने वाला है। हालांकि इसमें ये स्पष्ट नहीं किया गया कि नागरिक उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध था या नहीं, लेकिन यूरोकंट्रोल ने एयरइंडिया से कहा कि सैन्य प्रतिबंधों की वजह से यूक्रेन का हवाई क्षेत्र उपलब्ध नहीं है। यूरोकंट्रोल ही यूरोप के हवाई यातायात को नियंत्रित करता है।
बता दें कि एयर इंडिया की गुरुवार की उड़ान पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र से भारतीयों को वापस लाने के लिए दूसरी उड़ान होने वाली थी। 22 फरवरी को संचालित पहली उड़ान ने लगभग 240 लोगों को वापस लाया। 19 फरवरी को एयर इंडिया ने घोषणा की कि वह 22, 24 और 26 फरवरी को भारत और यूक्रेन के बीच तीन उड़ानें संचालित करेगी।