प्रमुख खबरें

यूक्रेन में चारों तरफ सिर्फ लाशें ही लाशें: ग्रैमी के मंच से जेलेंस्की ने की यह भावुक अपील

कीव। यूक्रेन-रूस युद्ध 40 दिन बाद भी लगातार जारी है।यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी सैनिक कब्जा नहीं कर पाए लेकिन शहर को छोड़ने से पहले तबाही मचा दी है। रूसी हमलों के बीच यूक्रेन का वह हाल हुआ है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। यूक्रेन में चारों तरफ सिर्फ लाशें ही लाशें दिखाई दे रही हैं। खूबसूरत शहर खंडहर बन गए हैं। यूक्रेन के अभियोजक-जनरल ने दावा करते हुए कहा है कि कीव क्षेत्र से 410 शव बरामद हुए हैं।

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ग्रैमी अवार्ड सेरेमनी के मंच से जो भावुक अपील की है, वह किसी को भी रुला देगी। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बूचा में सामूहिक कब्रें मिलने के बाद रूसी युद्ध अपराधों को समाप्त करने का आह्वान किया। दरअसल, ग्रैमी अवार्ड के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो चलाया गया। इस वीडियो को बड़ी-बड़ी स्क्रीन पर दिखा गया, जिसमें उन्होंने दुनिया से यूक्रेन की मदद व समर्थन की अपील की। यह वीडियो मैसेज यूक्रेनियन सिंगर मीका न्यूटन और पोएट ल्यूबा यकिमचुक की परफॉरमेंस से पहले दिखाया गया।





हमारे संगीतकार अस्पतालों में गाते हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने भावुक वीडियो मैसेज में कहा, हमारे प्रियजन नहीं जानते कि हम फिर से साथ रहेंगे या नहीं। युद्ध हमें यह चुनने की अनुमति नहीं देता कि कौन बचेगा कौन शाश्वत मौन हो जाएगा। हमारे संगीतकार टक्सीडो के बजाए बॉडी आर्मर पहनते हैं। वे घायलों के लिए अस्पतालों में गाते हैं। यहां तक कि वे उनके लिए भी गाते हैं, जो उन्हें सुन नहीं सकते। यह संगीत टूट जाएगा। हम स्वतंत्रता की रक्षा कर रहे हैं। जीने के लिए। प्यार के लिए। हम रूस से लड़ रहे हैं।

मौन को संगीत से भर दीजिए
जेलेंस्की ने कहा, संगीत के विपरीत क्या है? बर्बाद हुए शहरों का शोर, मरे हुए लोग और उनका शाश्वत सन्नाटा। इस सन्नाटे को संगीत से भर दीजिए। हमारी कहानी बताने के लिए इस सन्नाटे को आज ही भर दीजिए। हमारी मदद कीजिए, किसी भी प्रकार से हमारा समर्थन कीजिए। उन्होंने कहा, मैनें सपना देखा है, यूक्रेन की आजादी का।

बुचा शहर में मृत नागरिकों की तस्वीरें देख गुतारेस को लगा सदमा
दूसरी तरफ संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने भी बयान जारी करते हुए कहा ‘यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुचा शहर में मृत नागरिकों की तस्वीरें देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा। उन्होंने स्वतंत्र जांच की मांग की है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा, हम बुचा और पूरे यूक्रेन में क्रेमलिन बलों द्वारा किए गए स्पष्ट अत्याचारों की कड़ी निंदा करते हैं। हम जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए उपलब्ध हर उपकरण, दस्तावेजीकरण खंगाल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button