प्रमुख खबरें

यूक्रेन को लेकर दो धुर विरोधियों के बीच 62 मिनट की बात रही बेनतीजा: अमेरिका को शंका, रूस जल्द कर सकता है हमला

मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देशो ंके बढ़ते संकट को देख रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन तथा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच फोन पर बात की है। हालांकि 62 मिनट तक चली यह बातचीत बेनतीजा रही है। दोनों के नेताओं के बातचीत के बाद व्हाइट हाउस ने कहा है कि ऐसी रिपोर्ट है कि रूस जल्द ही यूक्रेन पर आक्रमण कर सकता है।

हालांकि बाइडन ने चेतावनी दी कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो उसका बहुत तेजी से और करारा जवाब दिया जाएगा। उधर, रूस ने पलटवार करते हुए कहा है कि यूक्रेन को लेकर अमेरिका का ‘उन्‍माद चरम पर’ पहुंच गया है। वहीं पुतिन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की। पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेताते हुए कहा कि रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले के दावे सिर्फ भड़काने वाली अनुमानबाजी है। हालांकि, इस बीच मैक्रों ने भी पुतिन को स्पष्ट लहजे में कहा है कि अगर रूसी सेना का बॉर्डर पर जुटना जारी रहा, तो गंभीरता से समझौते के मौके कम होते जाएंगे।

इस बीच मॉस्को ने दावा किया है कि उसने प्रशांत महासागर में गश्त कर रही एक अमेरिकी सबमरीन का पीछा कर उसे खदेड़ दिया। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस मामले में रूस ने अमेरिकी रक्षा अधिकारी को भी तलब किया और अपने समुद्री दायरे में अमेरिकी सबमरीन के घुसने की शिकायत की।

रूसी राष्‍ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्‍ता ने बताया कि पुतिन ने बाइडन से कहा कि अमेरिका रूस की मुख्‍य चिंताओं को दूर करने पर ध्‍यान देने में असमर्थ रहा है। पुतिन ने कहा कि जटिल मुद्दों जैसे नाटो के विस्‍तार और यूक्रेन में आक्रामक सैनिकों की तैनाती के बारे में कोई भी संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहा है। रूसी राष्‍ट्रपति ने पश्चिमी देशों के सैन्‍य हमले के दावे को भी खारिज कर दिया और कहा कि यह केवल अटकलें है।

वहीं बाइडन ने फिर दोहराया कि यूक्रेन पर रूसी आक्रमण मानवीय मुश्किलें पैदा करेगा और रूस की स्थिति को प्रभावित करेगा। सहयोगियों के साथ मिलकर अमेरिका निर्णायक जवाब देगा। राष्ट्रपति बाइडन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को स्पष्ट कर दिया कि अमेरिका कूटनीति में शामिल होने के लिए तैयार है, लेकिन अन्य हालात के लिए भी समान रूप से तैयार है। अगर रूस यूक्रेन पर एक और आक्रमण करता है, तो अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ रूस पर कार्रवाई करेंगे।

गौरतलब है कि रूस ने यूक्रेन की सीमा पर सैनिकों का जमावड़ा कर रखा है और पड़ोसी देश बेलारूस में युद्धाभ्यास के लिए अपने सैनिक भेजे हैं। हालांकि, रूस लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि वह यूक्रेन पर आक्रमण करने वाला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button