ताज़ा ख़बर

नहीं रहे समाजवाद के प्रमुख स्तंभ: सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन, थे 82 साल के

लखनऊ। देश खासकर उत्तरप्रदेश के लिए सोमवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई है। सपा के संरक्षक और समाजवाद के प्रमुख स्तंभ मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के मेदांता अस्पताल में आज सुबह 8.16 बजे अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह के निधन की जानकारी उनके बड़े बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।

बता दें कि उन्हें 2 अक्टूबर को मेदांता अस्पताल में यूरिन संक्रमण, बीपी और सांस लेने की तकलीफ के चलते भर्ती कराया गया था। पिछले कई दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उनके कई अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया था। पहलवान और शिक्षक रहे मुलायम ने लंबी सियासी पारी खेली। तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। उन्हें बेहद साहसिक सियासी फैसलों के लिए भी जाना जाता है। उनके निधन की खबर से सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।





इन्होंने जताया दुख
मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई राजनीति से जड़े नेतओं ने दुख जताया है। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

वहीं कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर मुलायम सिंह यादव को श्रीचरणों में स्थान दें।

यूपी सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button