तैयार रहे मप्र के किसान, किसानों के हक के लिए अब भोपाल को बनाएंगे दिल्ली: राकेश टिकैत की बड़ी चेतावनी
नर्मदापुरम। किसान अंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे किसान नेता राकेश टिकैत ने अब मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसानों के हक की लड़ाई के लिए भोपाल को दिल्ली बनाना पड़ेगा। इसके लिए मध्य प्रदेश के किसानों को तैयार रहना होगा। टिकैत ने कहा कि किसानों के हितों के लिए मध्यप्रदेश के अलावा देश के सभी राज्यों की राजधानी में लड़ाई लड़ी जाएगी।
टिकैत ने यह चेतावनी हरदा जाते वक्त सिवनी मालवा में दी। इस दौरान टिकैत ने प्रदेश के किसानों से जागरूक रहने का भी आह्वान किया। किसानों के हितों की लड़ाई के लिए भोपाल को भी दिल्ली बनाना होगा। इसके लिए सभी किसानों को तैयार रहना होगा। टिकैत ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कृषि मंत्री कमल पटेल को लेकर कहा कि ये लोग किसानों की बातें तो करते हैं मगर किसान को न बोल रहे हैं। इसीलिए यह आंदोलन किया जा रहा है।
भोपाल के किसानों को राकेश टिकैत ने कहा कि जब दिल्ली में किसान आंदोलन हो तो यहां वे भागीदारी करें और जागरूक रहें। कभी भी भोपाल को घेरना पड़ सकता है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि तेलंगाना राज्य की कृषि नीति आदर्श है। वहां किसानों को प्रति एकड़ दस हजार रुपए दिए जाते हैं जिससे वे खाद-बीज की खरीदी आसानी से कर सकते हैं। किसानों को वहां बिजली भी फ्री दी जा रही है। ऐसी किसान हितेषी बातें सभी राज्य सरकारों को करना चाहिए।