खेल

इस मामले में धवन और रिजवान से आगे निकले सूर्या, एक दिन में दो बड़े रिकॉर्ड किए अपने नाम

तिरुवनंतपुरम । भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार की देर रात तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवंतपुरम में खेला गया है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले को एकतरफा 8 विकेट से जीता। भारत की ओर केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। पर इस मैच में सूर्यकुमार का जलवा रहा। उन्होंने जहां 50 रनों की पारी खेली, वहीं दो बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

एक ओर जहां सूर्यकुमार एक कैलेंडर ईयर में टीम इंडिया के लिए सबसे अधिक टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में शिखर धवन से आगे निकल गए हैं। वहीं एक साल में टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान टीम के ओपनर मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने पिछले साल 42 छक्के इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में जड़े थे। 2021 में ही न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल ने 41 छक्के टी20आई क्रिकेट में जड़े थे, लेकिन अब सूर्या इनसे आगे निकल गए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने 2022 में 45 छक्के जड़ दिए हैं। खास बात यह है उन्होंने यह कारनामा 21 मैचों में ही कर दिखाया है।




टी-20क क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के

45 – सूर्यकुमार यादव (2022)*
42 – मोहम्मद रिजवान (2021)
41 – मार्टिन गप्टिल (2021)
37 – एविन लुईस (2021)

लगातार दो छक्के जड़ तोड़ा धवन का रिकॉर्ड

वहीं उनके रनों की बात करें तो सूर्यकुमार ने साल 2022 में अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में 21 मैचों में 732 रन बनाए हैं। धवन से आगे निकलने के लिए सूर्यकुमार को सिर्फ आठ रनों की जरूरत थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में सूर्यकुमार ने लगातार दो छक्के लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। धवन ने 2018 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर ईयर में 18 मैचों में 689 रन बनाए थे। सूर्यकुमार से पहले धवन इस मामले में भारत के नंबर एक बल्लेबाज थे। हालांकि, सूर्यकुमार आठ रन बनाते ही उन्हें पीछे छोड़ दिया।




टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन

खिलाड़ी साल मैच रन
मोहम्मद रिजवान 2021 29 1326
बाबर आजम 2021 29 939
पॉल स्टर्लिंग 2019 20 748
सूर्यकुमार यादव 2022 21 732
केविन ओ’ब्रायन 2019 23 729
मैक्स ओ’डॉड 2019 24 702
शिखर धवन 2018 18 689
मार्टिन गुप्टिल 2021 18 678
विराट कोहली 2016 15 641
बेन कूपर 2019 21 637

आईसीसी रैंकिंग में सूर्यकुमार दूसरे नंबर पर

सूर्यकुमार ने बुधवार को आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान के बाबर पीछे छोड़ दुनिया के दूसरे नंबर के बल्लेबाज बन गए। अब सूर्या सिर्फ रिजवान से पीछे हैं। सूर्यकुमार के 801 और रिजवान के 861 रेटिंग अंक हैं। रविवार को हैदराबाद में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में 69 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इसकी बदौलत भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button