शीर्ष नेतृत्व ने योगी मंत्रीमंडल पर लगाई मुहर, कुछ नए को मौका तो कुछ पुरानों की छुट्टी तय
लखनऊ। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के मंत्रिमंडल पर मुहर लगा दी है। लेकिन अब तक सार्वजनिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है। संभावना जताई जा रही है कि भारतीय जनता पार्टी केशव प्रसाद मौर्य को दोबारा उप-मुख्यमंत्री बना सकती है। साथ ही पार्टी के प्रदेश प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह को भी कैबिनेट में अहम पद दिया जा सकता है। हालांकि यह अभी कयास लगाए जा रहे हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योगी मंत्रिमंडल को लेकर बीते सप्ताह दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महामंत्री संगठन बीएल संतोष सहित अन्य प्रमुख लोगों की मौजूदगी में दो दिन तक चली बैठक में क्षेत्रीय और जातीय समीकरण के हिसाब से करीब 70 नामों का पैनल तैयार किया गया। इनमें मौजूदा मंत्रियों के साथ नए चेहरे, विधान परिषद सदस्य और ऐसे पदाधिकारी भी हैं जो फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश से मिले पैनल पर नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, बीएल संतोष और धर्मेंद्र प्रधान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मार्गदर्शन लेने के बाद योगी मंत्रिमंडल के सदस्यों पर मुहर लग गई है। करीब दो दर्जन कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना है। 10 से 12 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और दस से अधिक राज्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। मंत्रिमंडल में कुछ चौंकाने वाले नाम भी शामिल किए जा सकते हैं।
खबर है कि 24 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अहम पदों को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। शाह बतौर पर्यवेक्षक 24 मार्च को शाम 4 बजे लोक भवन में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। शाह के साथ सह पर्यवेक्षक रघुवर दास भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों ने बताया कि पार्टी तीसरे उप-मुख्यमंत्री पद पर भी विचार कर रही है। इस पद के लिए आगरा ग्रामीण से विधायक बेबी रानी मौर्य का नाम सबसे आगे चल रहा है।